बक्सर में बिहार पुलिस सप्ताह-2025 का आगाज हो गया है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह आयोजन 22 फरवरी से शुरू हुआ है। एसपी शुभम आर्य ने बताया कि इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाना है। साथ ही सुरक्षा को मजबूत करना और अपराध नियंत्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में युवाओं के लिए खेल स्पर्धाएं होगी। बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जागरूकता रैली में पुलिसकर्मी और आम नागरिक शामिल होंगे। नशा मुक्ति के लिए विशेष अभियान चलेगा। इंटरनेट और डिजिटल सुरक्षा पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। 23 फरवरी को रक्तदान शिविर और स्वच्छता अभियान का आयोजन होगा। एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग कानून व्यवस्था के साथ समाजसेवा में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। रक्तदान शिविर से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सकेगा। पुलिस विभाग इस दौरान विभिन्न समुदायों से संवाद करेगा। उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं को समझेगा। एसपी ने सभी नागरिकों से कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस सप्ताह का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच रिश्तों को और मजबूत बनाना भी है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए पुलिस की आम जनता तक पहुंच बढ़ेगी और लोगों की समस्याओं का समाधान करने में भी मदद मिलेगी।
