बरेली के बिथरी चैनपुर के फरीदपुर इनायत खां के जंगल में एक पीएसी जवान और उसकी पत्नी बेहोश मिले। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दंपति को तुरंत नकटिया के अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पीएसी जवान रवि का इलाज जारी है और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, रवि शनिवार सुबह अपनी पत्नी के साथ बिथरी थाना क्षेत्र में दवा लेने गए थे। इसके बाद दोनों जंगल में बेहोश मिले। एसपी सिटी मानुष पारीक ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि महिला के बैग में रुपये और जेवर सुरक्षित मिले। उनकी कार भी घटनास्थल के पास खड़ी थी। रवि रामपुर के मिल्क थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। दंपति अपनी तीन बेटियों के साथ सरकारी आवास में रहते थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
