शेखपुरा के कोरमा थाना क्षेत्र में किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों के घरों पर इश्तहार चिपकाया हैं। 3 जनवरी को गगौर में किसान नंदन यादव(55) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी सुधा देवी की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इनमें शिवन यादव, हीरामन यादव, अजीत यादव, सुजीत कुमार, रामजन्म यादव, राजाराम यादव और मन्नू यादव शामिल हैं। एक आरोपी हीरामन यादव को पिछले महीने लखीसराय के कवैया से गिरफ्तार कर लिया गया था। हत्या का कारण जमीन विवाद था। मृतक नंदन यादव ने मन्नू यादव के चचेरे भाई लोरिक यादव की शादी लखीसराय के लाखोचक गांव में करवाई थी। लोरिक के पिता ने कई बार नंदन यादव से शादी करवाने की बात कही थी। मन्नू यादव इस शादी से नाराज था क्योंकि अब उसे लोरिक के हिस्से की जमीन नहीं मिल सकती थी। इसी नाराजगी में मन्नू यादव और अन्य आरोपियों ने नंदन यादव के घर की छत पर चढ़कर उनके पेट में गोली मार दी। शेखपुरा सिविल कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई से पहले कोरमा थाना पुलिस ने थाना अध्यक्ष आयुष कुमार के नेतृत्व में फरार आरोपियों के घरों पर ढोल-बाजे के साथ इश्तहार चिपकाए हैं।