चित्रकूट के महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय के लिए गौरव का क्षण है। विश्वविद्यालय के बीबीए द्वितीय वर्ष के छात्र अथर्व गुप्ता ने कूड़ो वर्ल्ड कप 2025 में जगह बनाई है। सूरत के इंडोर स्टेडियम ऐथलेंटिका फिटनेस में 8-9 फरवरी को आयोजित ट्रायल में अथर्व ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 19 वर्ष आयु वर्ग में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता। इस ट्रायल में केवल 2024 की राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को ही भाग लेने का मौका मिला था। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. भरत मिश्रा ने कहा कि अथर्व की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है। व्यावसायिक प्रबंधन विभाग के अध्यक्ष डॉ. सीपी गुजर ने बताया कि कूड़ो वर्ल्ड कप दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित कूड़ो चैंपियनशिप में से एक है। इसमें विभिन्न देशों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। विश्वविद्यालय के अधिकारियों और शिक्षकों ने अथर्व को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि पूरे चित्रकूट क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
