देवरिया में एक विवाह समारोह में अजीब मोड़ आ गया। दूल्हे की प्रेमिका के एक फोन कॉल ने शादी रुकवा दी। यह घटना सलेमपुर कोतवाली थाना क्षेत्र की है। एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी भाटपार रानी थाना क्षेत्र के एक युवक से तय की थी। रविवार को बरात आनी थी। दोनों पक्षों के घरों में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। रिश्तेदार भी पहुंच चुके थे। शनिवार शाम को मटकोड़ की रस्म होनी थी। इसी दौरान दूल्हे की प्रेमिका ने दुल्हन को फोन किया। उसने दूल्हे के साथ अपने प्रेम संबंध के बारे में बताया। दुल्हन ने यह बात अपने परिजनों को बताई। कन्या पक्ष तुरंत सलेमपुर कोतवाली पहुंचा। कोतवाल टीजे सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वर पक्ष को भी थाने बुलवाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। लेकिन कन्या पक्ष शादी के लिए राजी नहीं हुआ। देर शाम तक चली पंचायत में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी न करने का फैसला किया। कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सुलह की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बन पाई।
