यूपी में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। 16 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। चित्रकूट में पिछले 14 घंटे से हो रही जोरदार बारिश से मंदाकिनी नदी में अचानक बाढ़ आ गई। रामघाट और भरतघाट पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। घाट किनारे बने मंदिर और दुकानें डूब चुकी हैं। मंदाकिनी नदी पर बना 25 फीट ऊंचा बड़ा पुल टूट गया है। सड़कों पर नावें चल रही हैं। नयागांव राजमहल के अंदर तक पानी पहुंच गया है। एसडीआरएफ की टीमें लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं। सती अनुसूइया आश्रम की रेलिंग और आसपास के घरों का सामान बह गया है। प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर फिर से बढ़ने लगा है। गंगा पर बने बक्शी बांध के पास एक ट्रक नदी में गिर गया। नेपाल में मची तबाही के बाद कुशीनगर की नारायणी नदी में शव बहकर आने का सिलसिला जारी है। शनिवार 2 और शव बरामद हुए। पुलिस और SDRF की टीम ने शवों को बाहर निकाला। इससे पहले गुरुवार को 6 शव बरामद हुए थे। इधर, शनिवार को लखनऊ, वाराणसी, कानपुर समेत 20 शहरों में बारिश हुई। लखनऊ में दोपहर में अंधेरा छा गया और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग (IMD) ने आज 51 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और बहराइच में भारी बारिश के आसार हैं। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मध्य प्रदेश-राजस्थान और दक्षिणी यूपी के ऊपर मानूसनी सिस्टम आगे बढ़ गया है। इससे बारिश की गतिविधियों में 2-3 दिन यानी 31 अगस्त तक कमी आएगी। इसके बाद नए विक्षोभ के असर से सितंबर के पहले सप्ताह में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होगा। आज कहां-कहां बारिश हो सकती है? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
चित्रकूट में मंदाकिनी उफनाई, मंदिर-पुल डूबे, सामान बहा:लखनऊ में अंधेरा छाया, 20 शहरों में बारिश; नेपाल से बहकर दो लाशें आईं
