बहराइच में शुक्रवार सुबह बॉयफ्रेंड से शादी करने के लिए लड़की मोबाइल टावर पर चढ़ गई। परिवार और गांववालों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन लड़की नीचे नहीं उतरी। बेटी की जिद के आगे घर वालों ने हार मान ली। मस्जिद से काजी को बुलाकर लड़के-लड़की का ऑनलाइन निकाह कराया गया। लड़का मुंबई में नौकरी करता है। काजी ने उसे फोन करके निकाह कुबूल करवाया। इसके बाद टावर पर चढ़ी लड़की को फोन करके उसे निकाह कुबूल करवाया गया। लड़की को जब भरोसा हो गया कि उसका निकाह हो गया, तब वह नीचे उतरी। 3 घंटे से ज्यादा ड्रामा चलता रहा। मामला जिला मुख्यालय से 60 किमी दूर मोतीपुर इलाके का है। 5 महीने से चल रहा था अफेयर बसथनवा गांव के अलग-अलग मोहल्ले में फखरुद्दीन उर्फ नूरुद्दीन (21) और साहिबा बेगम उर्फ महक (19) रहते हैं। दोनों के घरों के बीच की दूरी 1 किमी है। 5 महीने से दोनों का अफेयर चल रहा था, लेकिन घर वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। दो महीने पहले नूरुद्दीन नौकरी के लिए मुंबई चला गया था। नूरुद्दीन के परिवार में पिता फारुख, मां और दो भाई हैं। परिवार खेती-किसानी और मजदूरी करता है। वहीं, महक के पिता रईस अहमद की मौत हो चुकी है। उसकी मां हसमतुन्निशा ही मजदूरी से बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। उन्होंने बेटी को शादी के लिए मना कर दिया था। लेकिन मां की डांट के बाद भी महक नूरुद्दीन से बात करती रही। मां से बहस के बाद टावर पर चढ़ गई शुक्रवार सुबह भी महक की अपनी मां से शादी को लेकर बहस हुई। इसके बाद वह घर से निकली और गांव के बाहर बने मोबाइल टावर पर चढ़ गई। गांव के लोगों ने देखा तो नीचे उतरने के लिए कहा। महक ने धमकी दी कि कोई पास आया तो कूदकर जान दे दूंगी। मुझे नूरुद्दीन से शादी करनी है। गांव वालों ने दोनों के परिजनों और पुलिस को सूचना दी। लड़की की मां इसके बाद भी शादी के लिए राजी नहीं थी। गांव वाले लड़की और उसकी मां दोनों को समझाने की कोशिश करते रहे। महिला पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। महक को भरोसा दिया गया कि नीचे आ जाओ लड़के को बुलाकर शादी करा दी जाएगी, लेकिन वह उतरने को तैयार नहीं हुई। 3 घंटे तक चलता रहा ड्रामा गांव के लोगों और पुलिस के समझाने पर दोनों के निकाह कराने का फैसला लिया गया। गांव की मस्जिद से काजी को बुलाया गया। 3 घंटे के ड्रामे के बाद काजी ने टावर पर चढ़ी किशोरी को कॉल की और निकाह के बारे में समझाया। फोन पर ही लड़की से निकाह कुबूल करवाया गया। इसके बाद मुंबई में रह रहे नूरुद्दीन को फोन करके मामले की जानकारी दी गई। उसने भी शादी के लिए रजामंदी दे दी। काजी ने उससे भी फोन पर निकाह कुबूल करवाया। लड़की को जब भरोसा हो गया कि उसका निकाह हो गया है तब वह नीचे आने के लिए तैयार हुई। महिला पुलिस कर्मियों की मदद से महक को नीचे उतारा गया। बेटी नीचे आई तो मां फिर मुकर गई महक के नीचे आते ही मां फिर से रिश्ते के खिलाफ अड़ गईं। उन्होंने कहा कि मुझे ये रिश्ता मंजूर नहीं है। अगर लड़की फिर भी उसी लड़के के साथ रहना चाहती है तो वह घर से जा सकती है। इसके बाद पुलिसकर्मी लड़की और उसके परिजनों को लेकर थाने चली गई। वहां से समझाने के बाद महक को उसकी मां के साथ घर भेज दिया गया। थाना प्रभारी ब्रह्मानंद गौड़ ने बताया- प्रेम-प्रसंग का मामला है। प्रेमी से शादी करने की जिद पर लड़की टावर पर चढ़ी थी। निकाह होने के बाद उसे नीचे उतार लिया गया है। फिलहाल लड़की को उसके घर वालों के साथ भेज दिया गया है। अगर कोई शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। ——————— यह खबर भी पढ़ें…. 10वीं की छात्रा बोली- रिलेशन मुझसे बनाए:शादी किसी और से कैसे होने दूं; गाजीपुर में सिपाही का जवाब- लड़की रैकेट चलाती है “रिलेशन मेरे साथ बनाए और अब शादी किसी और से कर लेगा…ऐसे कैसे मैं उसे किसी और से शादी करने दूंगी? कहता था तुम बालिग हो जाओगी, तो शादी कर लूंगा। मुझे या मेरे मां-पिता को कुछ हुआ, तो सिपाही मोहित यादव जिम्मेदार होगा।” ये कहना है गाजीपुर में सिपाही पर रेप का आरोप लगाने वाली वाली पीड़िता का। दैनिक भास्कर ने पीड़िता से बातचीत की। पढ़िए रिपोर्ट…
यूपी में मोबाइल टावर पर हुई शादी:लड़की बोली- प्रेमी के बिना नहीं जी सकती, मुंबई से बॉयफ्रेंड ने फोन पर कहा- कबूल है
