मुझे शादी के मंडप से उठवाने का प्रयास किया। मेरे खिलाफ अश्लील किताबें छपवा कर बंटवा दीं। झूठी शिकायत की, मेरे होटल खरीदने के बाद वो रंगदारी के चक्कर में मेरे पीछे पड़ गया था। औरतें अमूमन क्या करती हैं या तो आत्महत्या कर लेती हैं या तो सरेंडर। दो ही विकल्प हैं, लेकिन जब से भाजपा सरकार आई है, तब से कानून व्यवस्था बेहतर हुई है। यह कहना है कानपुर की प्रज्ञा त्रिवेदी का। उन्होंने बताया कि एक होटल मालकिन होने के बाद भी आखिर अखिलेश दुबे ने किस कदर उनकी जिंदगी को नरक बना दिया था। उन्हें अपना बारादेवी स्थित होटल छोड़ना पड़ा। वह सड़क पर आ गईं। अब वकील अखिलेश दुबे के जेल जाने के बाद न्याय की आस जगी है। प्रज्ञा त्रिवेदी ने भी भूमाफिया अखिलेश दुबे के खिलाफ तहरीर दी है। दैनिक भास्कर ने अखिलेश दुबे के खिलाफ आवाज उठाने वाली महिला से बातचीत की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पढ़िए अखिलेश दुबे की सताई हुई महिला ने जो बताया कमजोर महिला होती तो सुसाइड कर लेती
साकेत नगर के सरस्वती अपार्टमेंट में रहने वाली प्रज्ञा त्रिवेदी ने बताया कि कानपुर में अखिलेश दुबे की तूती बोलती थी। उसके सामने कोई नहीं टिक पाता था। 2009 में जब मैंने होटल खरीदा था तो मुझे नहीं पता था कि अखिलेश दुबे कौन है। दरअसल वह नाम का वकील है, उसने तो कभी कोई केस तक नहीं लड़ा। वह महिलाओं के चरित्र पर लांछन लगाकर परेशान करता था। उसने मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही किया। मेरे खिलाफ तो उसने अश्लील किताबें लिखवाकर बंटवा दी। वो मेरे खिलाफ जितनी भी गिरी हरकत कर सकता था, वो की। उसने मेरे होटल पार्टनर के खिलाफ इतने मुकदमे कराए कि दोनों पार्टनर होटल छोड़कर भाग निकले। जब मैंने अखिलेश दुबे के खिलाफ 2009 में मोर्चा खोला था तब मैं अनमैरिड थी। उसका मकसद साफ था कि मेरी शादी न हो। वह पूरी तरह से मेरा करियर खत्म करने में लगा हुआ था। दुबे चाहता था कि मैं उसके पैरों में गिर जाऊं, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया। ससुराल और मायके वालों ने मेरा साथ दिया
मेरी ससुराल और मायके वालों दोनों ने इस लड़ाई में मेरा साथ दिया। दुबे की शिकायत मैंने थाने से लेकर एसपी तक को दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी बीच मेरी शादी तय हुई। शादी वाले दिन तो दुबे ने मुझे उठवाने तक की कोशिश की। उसने कहा था कि देखना तुमको पूरे दिन थाने में बैठाएंगे। लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाया। मेरे खिलाफ झूठी शिकायत की। मैंने जब होटल खरीदा तो वो रंगदारी के चक्कर में मेरे पीछे पड़ गया। मेरी कभी भी हत्या हो सकती है
उस समय क्या था, मारो-पीटो, रंगदारी वसूलो और जेवरात छीन लो, चरित्र का लांछन लगाकर महिला को बदनाम कर दो। दुबे ने मुझे इतना मेंटल टॉर्चर कर दिया था कि जहां जाओ पीछे-पीछे गाड़ी लगाना, थ्रेड करना, मेरे पीछे तो गुंडों की फौज लगा दी थी। मेरा होटल चलाना तो इतना मुश्किल हो गया था। दुबे के गुर्गे वकील जब मन होता होटल पर फ्री खाना खाने पहुंच जाते, पैसा भी छीन लेते थे। मैंने जो बात कही है, अब ये भी नहीं पता कि मैं जिंदा रहूंगी या नहीं। क्या पता कि कब मेरी हो हत्या जाए। अब बहुत हो गया बस कुछ भी हो सच का साथ देना है। भाजपा नेता रवि सतीजा ने भी अच्छा किया कि दुबे के पैरों में नहीं गिरा और उसके खिलाफ मोर्चा लिया। अखिलेश दुबे ने उन्हें भी बदनाम करने के लिए झूठे रेप केस में फंसाया था। मैंने सबसे पहले दुबे को भूमाफिया बताया
मुझे तब भी जान का खतरा था और आज भी है। मैंने ही सबसे पहले अखिलेश दुबे को भूमाफिया बताया था। उसे सब जानते हैं, लेकिन उसके खिलाफ कोई आवाज उठाने वाला नहीं है। मेरे जैसी होटल की मालकिन को दुबे ने सड़क पर ला दिया। उसने मुझे एक-एक पैसे के लिए तरसा दिया। अखिलेश दुबे ने तो मेरा तो पूरा करियर ही खत्म कर दिया। लेकिन मेरी जीत यही रही कि मैं लड़ती रही और कभी हार नहीं मानी। दुबे ने गलत किया है तभी वो आज जेल में है। जल्द ही सभी को पता चलेगा कि अखिलेश दुबे कितना गंदा आदमी था। दुबे से भिड़ी तो अनमैरिड थी
जब मैंने अखिलेश दुबे के खिलाफ मोर्चा खोला उस वक्त मैं अनमैरिड थी। शादी के बाद मुझे आज भी वो समय याद है जब मैं प्रेग्नेंट होने के बाद भी अखिलेश के खिलाफ तहरीर लेकर दर-दर भटकती थी। बच्चों को मां की जरूरत होती है, इसलिए मुझे पीछे हटना पड़ा था। अखिलेश दुबे ने मेरी हत्या कराने की कोशिश की थी, लेकिन मैं बच गई। भाजपा नेता रवि सतीजा ने इसे जेल भिजवाया तो मेरी भी हिम्मत बढ़ी। अब मैंने भी अखिलेश दुबे के खिलाफ तहरीर दी है। थाने से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक दौड़ी
मैंने थाने से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक शिकायत की, लेकिन अखिलेश दुबे के खिलाफ कहीं सुनवाई नहीं हुई। उसके यहां दिन-रात पुलिस बैठी रहती थी। अफसरों का जमावड़ा लगा रहता था। वह पुलिस की केस डायरी लिखता था। जब मैं दोषी नहीं थी तो मेरे खिलाफ पुलिस ने मुकदमा कैसे दर्ज कर दिया था। आम आदमी थाने के चक्कर काटते-काटते थक जाता है, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं होती। लेकिन अखिलेश दुबे के तो एक फोन कॉल पर FIR दर्ज हो जाया करती थी। दुबे के साथ पुलिस की जबरदस्त मिलीभगत थी। वह पुलिस को दुबे जेब में रखता था। दुबे ये सब रंगदारी वसूलने के लिए करता था। 15 साल पहले भी दुबे के पैर छूते थे एसपी
मैंने वो समय देखा है जब आज से 15 साल पहले भी एसपी से लेकर सीओ तक अखिलेश दुबे के पैर छूते थे। उसने मेरे खिलाफ गंदी किताबें छपवाईं थीं। उसमे मेरे लिए अश्लील बातों का जिक्र था। ऐसी किताब को उसने छपवाकर बंटवा दिया था। उसने मुझे चरित्रहीन बनाने से लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी। एक 25 साल की लड़की को कोई इस तरह से बदनाम कराएगा। उसके लिए तो मर जाना ही बेहतर होगा। या तो हम अखिलेश दुबे के पैरों पर गिर जाते या मर जाते। लेकिन ये सब मेरे वजूद में नहीं था। मैं जिस परिवार से हूं कि मैंने दुबे से लड़ने की ठान ली। आज भी वो गंदी किताब संभालकर रखी है
मैं बैंक गई तो मुझे वो किताब मिली जो दुबे ने मेरे खिलाफ छपवाई गई थी। आज तक मैंने वो किताब संभाल कर रखी है। मेरे पास आज भी अखिलेश दुबे के खिलाफ एक-एक साक्ष्य हैं। उसने रंगदारी के लिए मुझे बदनाम किया। मुझे सड़क पर ला दिया था। दुबे के खिलाफ न्यायिक जांच होनी चाहिए। आप इससे अंदाजा लगाइए कि मैं उसके अत्याचार से इतनी परेशान हो गई। पैसों की तंगी होने के चलते कितने दिन मैं भूखी रही। मुझे जीवन में क्या-क्या नहीं झेलना पड़ा। मैं हार्ट पेशेंट हो गई। मुझे अपना इलाज कराना पड़ा। मैंने दुबे से लड़ने में 15 साल खपाए हैं। दुबे की दहशत का शिकार बनी प्रज्ञा के बारे में जानिए
प्रज्ञा त्रिवेदी साकेत नगर के मां सरस्वती अपार्टमेंट में रहती हैं। उनके पति का नाम डॉ. कुलदीप त्रिवेदी है, जो पेशे से कारोबारी हैं। प्रज्ञा ने अखिलेश दुबे के खिलाफ पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार से मिलकर शिकायत की है। इसमें कहा है कि, 2009 में उन्होंने बारादेवी चौराहे पर 3 करोड़ की लागत से गणेश गेस्ट हाउस को खरीदकर क्लासिक कॉटीनेंटल के नाम से होटल शुरू किया था। इसमें प्रज्ञा के अलावा दो पार्टनर ओम जायसवाल और उर्वशी रस्तोगी थे। अखिलेश दुबे ने तब 2 लाख रुपए महीने की रंगदारी मांगी थी। नहीं देने पर मेरे साथ मारपीट, लूटपाट और चरित्र हनन तक किया था। दुबे ने मेरे पार्टनर ओम जायसवाल पर तो आधा दर्जन से ज्यादा झूठे मुकदमे दर्ज कराए। वो तो कानपुर से सबकुछ बेचकर लुधियाना शिफ्ट हो गए थे। ———————— ये खबर भी पढ़ें… माफिया वकील ने 1500 करोड़ की सरकारी जमीन कब्जाई:कानपुर में लड़कियों से फर्जी रेप केस करवाता, अतीक की पुलिस चार्जशीट लिखी
कानपुर का वकील अखिलेश दुबे लड़कियों से फर्जी मुकदमे लिखवाकर लोगों से करोड़ों वसूलता था। हाल में एक BJP नेता ने अखिलेश पर झूठा मुकदमा करने का आरोप लगाया कि उन पर फर्जी केस लगाकर 50 लाख की वसूली की। पढ़ें पूरी खबर…
