लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेन्द्र चौधरी एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस आज पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में हुई। मीडिया को सम्बोधित करते हुए श्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि मिल्कीपुर में विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान होना है। यह जनता बनाम प्रशासन के बीच चुनाव है। भाजपा का लोकतांत्रिक प्रणाली की निष्पक्षता पर भरोसा नहीं है। ऐसे में निर्वाचन आयोग, जो संवैधानिक संस्था है, की संवैधानिक जिम्मेदारी है कि चुनाव में निर्भय होकर मतदान की व्यवस्था करें। मतदाताओं से अपील है कि वे किसी दबाव में आए बिना स्वतंत्रतापूर्वक मतदान करें और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री अजीत प्रसाद को विजयी बनाएं।
श्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को तबाह करने पर लगी है। कल श्री अखिलेश यादव की मिल्कीपुर में चुनावी सभा को परमीशन देने में आनाकानी की गई। उनका हैलीकाप्टर उतरने की सही जानकारी न देकर उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ किया गया। मैनपुरी की सांसद श्रीमती डिम्पल यादव के रोड-शो में भी व्यवधान डाले गए और पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रशासन की जिम्मेदारी व्यवस्था करने की होती है पर यहां उल्टा प्रशासन का दुरुपयोग भाजपा सरकार मतदान की निष्पक्षता को भंग करने और मतदाताओं में आतंक फैलाने में कर रही है। यह लोकतंत्र की हत्या है।
श्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि श्री अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर में मतदान के दिन मीडिया से अपने कर्तव्य निर्वहन की अपेक्षा की है ताकि चुनाव की पारदर्शिता कायम रहे। भाजपा का जनता पर भरोसा नहीं हैं उसकी नीयत भी ठीक नहीं है। पहले हुए उपचुनावों में भाजपा की धांधली उजागर हो चुकी है। मिल्कीपुर में भी मतदाताओं को धमकी, समाजवादी पार्टी के कार्यकतार्ओं की गिरफ्तारी, फर्जी मतदान कराने की तैयार की खबरें है।
श्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का संकल्प है कि वह हर स्तर पर लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ेंगे। भाजपा के कुत्सित इरादो को पूरा नहीं होने देंगे। भाजपा अयोध्या लोकसभा का चुनाव हार चुकी है। वह अब अयोध्या के मिल्कीपुर में भी हारेगी। भाजपा फर्जी मतदान कराने और समाजवादी पार्टी के समर्थकों को मतदान से रोकने की साजिश कर सकती है। श्री अखिलेश यादव ने कार्यकतार्ओं से सतर्क और सावधान रहने तथा प्रशासन की साजिशों को सफल न होने देने की अपील की है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्यामलाल पाल ने कहा कि मिल्कीपुर में बूथ स्तर तक पुलिस का आतंक है। भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक तरीके से चुनाव में धांधली करना चाहती है। पहले उपचुनावों में उसके कारनामे उजागर हो चुके हैं। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग व मुख्य निर्वाचन आयोग से मांग की है कि मान्यता प्राप्त दलों के पोलिंग एजेंट के मतदान कक्ष में बिठाया जाए। अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक की सूची पोलिंग एजेंट द्वारा पीठासीन अधिकारी को दी जाएगी। ऐसे फर्जी वोट नहीं पड़ने दे। पोलिंग एजेंट को 17 ग भाग-1 अनिवार्य रूप से दिया जाए। मतदाता द्वारा बगैर मतदाता पर्ची अथवा बीएलओ की मतदाता पर्ची अथवा किसी के द्वारा दी गई मतदाता पर्ची के द्वारा पात्र मतदाताओं को मतदान से नहीं रोका जाए। पुलिस कर्मी अथवा किसी सुरक्षा कर्मी द्वारा मतदाता की आईडी चेक नहीं की जा सकती है। यह अधिकार सिर्फ पीठासीन अधिकारी का है।
श्री श्यामलाल पाल ने कहा कि मिल्कीपुर में चुनाव की निष्पक्षता बनी रहे इसलिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश को 5 बार ज्ञापन दिए गए। निर्वाचन आयोग को भी शिकायतें की गई पर उन पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। अधिकारी और पुलिस भाजपा के दबाव में जो कर रहे हैं जान ले कि वे अपनी सेवा नियमावली से संचालित होते हैं। वे इसके लिए आगे भी जवाबदेह होंगे।
