CM दरबार पहुंचा रिटायर्ड फौजी, बोला- मैंने जहर खाया:MLA नंद किशोर से मुझे खतरा, वो गाजियाबाद में ‘नंदू टैक्स’ वसूल रहे

लखनऊ में सीएम के जनता दरबार में गुरुवार को एक रिटायर्ड फौजी पहुंचा। अंदर पहुंचते ही उसने वहां मौजूद लोगों से कहा- मैं जहर खाकर आया हूं। यह पता लगते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रिटायर्ड फौजी को सिविल अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल, उनकी हालत ठीक है। डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। रिटायर्ड फौजी सत्यवीर गुर्जर (65) गाजियाबाद के लोनी के सिरौली इलाके के रहने वाले हैं। लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर की शिकायत लेकर सीएम योगी से मिलने लखनऊ आए थे। हालांकि, सीएम योगी आज जनता दरबार में नहीं थे। वहीं, पहले सूचना आई थी कि सत्यवीर ने जनता दरबार के अंदर ही जहर खाया। हालांकि, बाद में यह बात गलत निकली। सत्यवीर ने खुद बताया कि बाहर से जहर खाकर अंदर गया था। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि उसकी तबीयत स्थिर है। उन्होंने जहर खाया है, इसलिए 48 घंटे निगरानी में रखा जाएगा। खुद को कारगिल योद्धा बताया, कहा- विधायक नंद किशोर अत्याचारी
सत्यवीर के पास जो एप्लिकेशन मिली है, उसमें उन्होंने खुद को कारगिल योद्धा और पूर्व फौजी बताया है। सत्यवीर ने लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए सीएम योगी से सुरक्षा की गुहार लगाई। सीएम योगी को लिखे लेटर में सब्जेक्ट की जगह सत्यवीर ने लिखा- अत्याचारी विधायक नंद किशोर गुर्जर द्वारा लोनी की जनता एक प्रार्थी के ऊपर दमन और अत्याचार के संबंध में… सत्यवीर गुर्जर ने लेटर में सीएम योगी को इष्ट देव (भगवान रूप) लिखकर संबोधित किया। अब पढ़िए सत्यवीर ने दैनिक भास्कर से जो बताया… मैं नंद किशोर गुर्जर के अत्याचारों से हार गया
सत्यवीर ने कहा- कलश यात्रा के बाद से नंद किशोर गुर्जर मुझसे दुश्मनी रखने लगे। बिजली विभाग के एक्सईएन से कहकर मेरा 1.70 लाख रुपए बिजली का बिल भिजवा दिया। मेरा 50 हजार रुपए बिजली का बिल था, जो मैंने जमा कर दिया। नंद किशोर लोनी में दमनकारी नीति अपना रहे हैं। नंद किशोर ने चिरौड़ी के भगत सिंह की हत्या करवा दी थी। उस मामले में कुछ नहीं हुआ। नंद किशोर मेरी और मेरे परिवार की हत्या कराना चाहते हैं। मैं आज सुबह मुख्यमंत्री जनता दरबार पहुंचा। अंदर जाने से पहले ही सल्फॉस खा लिया। देश के लिए दो युद्ध लड़ा और जीता, लेकिन देश के अंदर हार गया। पढ़िए सत्यवीर गुर्जर ने जो कुछ सोशल मीडिया पर लिखा था… विधायक नंद किशोर बोले- मेरा इस केस से कोई लेना-देना नहीं
इस मामले पर भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर से दैनिक भास्कर ने बातचीत की। उन्होंने कहा- जिस व्यक्ति ने जहर खाया, उसको मैं नहीं जानता। न ही यह व्यक्ति कभी मुझसे मिला। अगर वह आरोप साबित कर देगा तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। पंचायत और विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। इसलिए विरोधियों ने यह साजिश रची है। मैंने इस शख्स की जानकारी कराई। इसके भाई का एक वीडियो भी पहले सामने आया था। यह व्यक्ति फर्जी तरीके से नौकरी लगवाने के मामले में आर्मी से सस्पेंड हुआ था, जिसका केस चल रहा है। कुछ समय पहले इसी सत्यवीर गुर्जर और इसके बेटे ने एक आदमी का मर्डर किया था। उसकी लाश को भट्‌ठे में फेंक दिया था। लोनी थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज है। दोनों उस मामले में जेल भी गए थे। विधायक ने कहा- यह व्यक्ति अपने भाई का मकान कब्जा रहा है। इस मामले में सीएम पोर्टल पर उसके भाई ने शिकायत की थी। इसमें बिजली विभाग ने कनेक्शन काटने का भी आदेश दिया। वह अपराधी है और उस पर अलग-अलग थानों में केस दर्ज हैं। मेरा इस पूरे मामले से कोई लेना-देना नहीं। मेरी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा। अब इस व्यक्ति को जेल नहीं जाना पड़े, इसलिए इस तरह के निराधार आरोप बना रहा। गाजियाबाद में सत्यवीर के घर पहुंची भास्कर टीम
दैनिक भास्कर टीम गाजियाबाद के सिरौली में सत्यवीर के घर पहुंचीं। बेटे अतुल ने बताया कि पिता सत्यवीर साल 2006 से एयरफोर्स से रिटायर्ड हैं। 12 बीघा जमीन है। 2011 तक भट्‌ठा था। सत्यवीर के दोनों बेटे अतुल और अंकुर दिल्ली हाईकोर्ट में एडवोकेट हैं। पत्नी का नाम लक्ष्मी है। अतुल ने बताया- 2011 में गांव में धर्म सिंह नाम के एक व्यक्ति की हत्या हुई थी। इसमें मेरे और पिता सत्यवीर के खिलाफ हत्या का एक मुकदमा दर्ज हुआ था। हमें गलत तरीके से फंसाया गया था। साल- 2019 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हमें बरी कर दिया था। इस हत्या में पिताजी 8 साल जेल में रहे, जबकि मैं नाबालिग था। मैं डेढ़ साल जेल में रहा हूं। उस हत्या से संबंधित कोई भी साक्ष्य पुलिस को नहीं मिले थे, न ही उनकी लाश मिली थी। हमारे भट्‌ठे के आसपास खून के निशान मिले थे। अतुल ने बताया कि पिता 19 अगस्त को लखनऊ जाने की बात कह कर गए थे। आज सुबह लखनऊ से फोन आया कि आप बागपत के रहने वाले हैं। आप सत्यवीर के बेटे हैं। इसके बाद उन्होंने बताया कि पिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया है।
————————— यह खबर भी पढ़िए… भाजपा विधायक फटे कुर्ते में लखनऊ पहुंचे, नंद किशोर बोले- योगी सरकार आसुरी शक्तियों से घिरी हुई, ऐसा सपा-बसपा में भी नहीं हुआ गाजियाबाद से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर फटे कुर्ते में लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने प्रेस क्लब में कॉन्फ्रेंस कर अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में आसुरी शक्तियां सक्रिय हैं। मैंने 50000 गाय कटने की शिकायत योगीजी से की। यह बात कुछ लोगों को अच्छी नहीं लगी।…पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *