ट्रक की चेसिस से लिपटा अजगर:अमेठी में गांववालों ने बांस का पुल बनाया; ललितपुर में 4 बांध उफनाए; जानिए कल कैसा रहेगा मौसम

यूपी में किसानों के लिए अच्छी खबर है। मानसूनी एक्टिविटी फिर बढ़ गई। शुक्रवार को नोएडा, लखनऊ, वाराणसी समेत 20 शहरों में बारिश हुई। अमेठी में दोपहर बाद एक घंटे में 6 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। यहां थाना, तहसील में पानी घुस गया। लगातार बारिश से प्रदेश की नदियों में बाढ़ है। ललितपुर में बारिश के चलते 4 बांध उफना गए हैं। शुक्रवार को माताटीला, राजघाट, जामनी और भौंरट बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। हरदोई में गंगा और रामगंगा नदी उफान पर है। यहां के 29 गांवों में बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है। 35 बेसिक स्कूल भी बंद हो गए हैं। महराजगंज में लगातार दो दिनों की बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बरगदवा के हरखपुरा के पास शुक्रवार को महाव नाला टूट गया। एसडीएम और तहसीलदार मरम्मत के लिए पहुंचे। आसपास के लोगों को अलर्ट किया गया है। अमेठी में ग्रामीणों ने खुद ही बांस का पुल बना डाला है। संग्रामपुर मार्ग टिकरिया के पास पुल बन रहा था। यहां बीते दिनों तेज बहाव में एप्रोच मार्ग पर बह गया था। अब PWD के अधिकारियों ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है। कहा, अगर कोई घटना हुई तो ग्रामीण खुद जिम्मेदार होंगे। सोनभद्र में चलती ट्रक के चेसिस में अजगर लिपट गया। इससे ड्राइवर डर गया। वह सीधे ट्रक लेकर बभनी वन रेंज के ऑफिस पहुंचा। जहां 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को चेसिस से बाहर निकाला जा सका। ड्राइवर छत्तीसगढ़ से कानपुर जा रहा था। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया, बंगाल की खाड़ी में बने नए वेदर सिस्टम के असर से यूपी के ज्यादातर इलाकों में 22 से 25 अगस्त के बीच चार दिन अच्छी बारिश के आसार हैं। 24 व 25 अगस्त को बारिश के और जोर पकड़ने के संकेत हैं। शनिवार को लखनऊ, कानपुर समेत 60 जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। तस्वीरें देखिए- 5 बड़े अपडेट्स UP में बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *