यूपी में लगातार बारिश से 18 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। अब तक 774 मकान बारिश में ढह चुके हैं। प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का कहर जारी है। बाढ़ से प्रभावित इलाकों में 5 हजार से ज्यादा घरों में ताले बंद हैं। कई-कई घरों की पहली मंजिल तक डूबी हुई है। यहां रह रहे लोग खाने के साथ पीने के पानी के लिए भी तरस रहे हैं। करंट के डर से बिजली भी कटी हुई है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। लोग अपने पालतू जानवरों को अपने घर से 5-6 किलोमीटर दूर सड़कों के किनारे बांधकर आ रहे हैं। वहीं, महराजगंज के मोहनापुर गांव में शुक्रवार देर शाम कोबरा निकल आया। कोबरा को देखकर लोग भागने लगे। इसी बीच, ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। थोड़ी देर बाद वन विभाग की टीम पहुंची और कोबरा को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। उधर, सीएम योगी ने शनिवार सुबह काशी और गाजीपुर में बाढ़ के हालातों का हवाई सर्वे किया। जौनपुर-पीलीभीत इतनी बारिश हुई है कि सड़कें तालाब बन गई हैं। इसके चलते 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बहराइच में शुक्रवार रात रिहायशी इलाके में मगरमच्छ घुस गया। ग्रामीणों के मुताबिक, रात 12 बजे मगरमच्छ सड़क पर आकर बैठ गया। हम लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग ने मगरमच्छ को पकड़कर सरयू नहर में छोड़ दिया। मौसम विभाग ने आज 40 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। बलिया में गंगा नदी खतरे के निशान से 2 मीटर ऊपर बह रही है। 12 गांवों में पानी घुस गया है। श्मशान घाट डूब गए हैं। प्रयागराज में गंगा और यमुना पिछले दो महीनों में चौथी बार उफान पर हैं। निचले इलाकों के 10 हजार घरों में बाढ़ का पानी भर गया है। लोग अपनी गृहस्थी समेटकर पलायन कर रहे हैं। वाराणसी में सभी 84 घाटों का आपसी संपर्क फिर से टूट गया है। अब घरों में पानी घुसना शुरू हो गया है। शुक्रवार को 26 शहरों में बारिश हुई। बिजनौर में सड़कें तालाब बन गईं। लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव हुआ है। इसके चलते आज से दोबारा बारिश का दौर शुरू होगा। 24 घंटे में 42% कम बारिश हुई
शुक्रवार को 24 घंटे में प्रदेश के 26 जिलों में 3.5 मिमी बारिश हुई। यह औसत अनुमान 6 मिमी से 42% कम है। इस सीजन में प्रदेश में 570 मिमी बारिश हो चुकी है, जो अनुमान 583.3 मिमी से 2% कम है। बाढ़ और बारिश से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
