नवज्योति सेवा संस्था ने बच्चों संग हर्षोल्लास से मनाया 77वां गणतंत्र दिवस

लखनऊ- नवज्योति सेवा संस्थान की त्रिवेणी नगर शाखा में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह, देशभक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों के चेहरों पर देश के प्रति गर्व और उमंग साफ झलक रही थी।
इस अवसर पर कार्यक्रम के अतिथि वरिष्ठ पत्रकार रंजना राठौर एवं समाजसेवी संजय राठौर उपस्थित रहे। साथ ही मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहयोग कर आयोजन को सफल बनाया।
गणतंत्र दिवस समारोह में संस्थान के बच्चों, उनके अभिभावकों एवं नवज्योति सेवा संस्थान की पूरी टीम ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। ध्वजारोहण के पश्चात सभी ने तिरंगे को सलामी दी। देशभक्ति गीतों की धुन पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुति दी और पूरे परिसर को देशप्रेम के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम के दौरान देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके बलिदान को याद किया गया। अतिथियों ने बच्चों को संविधान, देश की एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।समारोह का समापन भारत माता की जय एवं वंदे मातरम के नारों के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति की भावना और भी प्रबल हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *