बच्चा बोला-DM साहब…ताऊ ने घर पर ताला जड़ा, खुलवा दीजिए:थानेदार को कमीशन मिले तो ताबड़तोड़ काम करते हैं; लखीमपुर में अकेले तहसील पहुंचा

यूपी के लखीमपुर खीरी में 13 साल का बच्चा अकेले ही डीएम के पास पहुंच गया। यह देखकर जनसुनवाई कर रहे डीएम ने उसे पास बुलाया। आने की वजह पूछी तो वह धड़ल्ले से बोला- मेरे घर पर ताऊ-ताई ने जबरन कब्जा करके ताला लगा दिया है। इसे खुलवा दीजिए। पास में खड़े थानेदार ने कहा- खुलवा देंगे। इस पर बच्चा बोला- खुलवा देंगे नहीं…खुलवा दीजिए। बार-बार न आना पड़े। इसी बीच पुलिसकर्मी हंसने लगे। इस पर बच्चा उखड़ गया। उसने कहा- आप लोगों को क्या है, कमीशन मिल जाए तो ताबड़तोड़ काम कर देते हैं। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कोतवाल राजेश कुमार से कहा- बच्चे के घर जाकर ताला खुलवाइए। कोतवाल राजेश कुमार सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। पूछताछ में पता चला कि बच्चा जिस घर के कमरे का ताला खुलवाने की बात कर रहा है, वह उसके पिता की पहली पत्नी का है। पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। उनका बेटा लखनऊ में रहता है। तब से बच्चे के ताऊ यानी बड़े पिता ने कमरे पर ताला लगा दिया है। इसके बाद कोतवाल बिना ताला खुलवाए लौट आए। मामला शनिवार दोपहर का है। वीडियो रविवार को सामने आया। डीएम सदर तहसील में समाधान दिवस पर जनसुनवाई कर रहे थे। बच्चे का नाम अमिताभ गुप्ता है। बच्चे और डीएम की बातचीत पढ़िए– बच्चा- डीएम सर, हमारे घर पर ताऊ-ताई ने कब्जा कर लिया है। घर का ताला खुलवा दीजिए। हम लोग बहुत गरीब हैं। डीएम- कौन हैं थानाध्यक्ष? यह बच्चा 7वीं कक्षा में पढ़ाई करता है। बच्चा (डीएम को बीच में टोकते हुए)- 7वीं नहीं, 8वीं में। डीएम (हंसते हुए)- यह बच्चा 8वीं में पढ़ाई करता है। अकेले आया है। देख लीजिए, इसकी समस्या क्या है। सदर थाना प्रभारी- हम करवा देंगे। बच्चा (सदर थाना प्रभारी को देखते हुए)- करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए। आप लोग बस टोपी पहनाते हैं, ताला तो खुलवा नहीं रहे हैं। बच्चा (डीएम से)- सर जी, थानाध्यक्ष को बोल दीजिए, ताला खुलवा दें। हमें बार-बार न आना पड़े। सदर थाना प्रभारी- चलो, अभी खुलवा देते हैं। बच्चा- आप लोगों को क्या, बस कमीशन मिल जाए तो फटाफट सारा काम हो जाता है। (बच्चे की इस बात पर सभी जोर-जोर से ठहाके लगाकर हंसते हैं।) डीएम- तुम कितने साल के हो? बच्चा- जी, 13 साल। डीएम (बच्चे को समझाते हुए)– अभी तुम सब छोड़कर सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान दो। बच्चा- पढ़ना तो चाहते हैं, पर बहुत दिक्कत है। मम्मी जब बाजार जाती हैं, बस 50 रुपए की सब्जी लाती हैं। 50 रुपए की सब्जी में होता ही क्या है। हमारे घर में तो खाने तक की कंगाली पड़ी हुई है। डीएम- मम्मी सब्जी खाना बनाने के लिए लाती हैं या बेचने के लिए? बच्चा- खाना बनाने के लिए, पर 4 लोगों में 50 रुपए की सब्जी में होता ही क्या है। डीएम (बच्चे को फिर समझाते हुए)- देखो, अभी तुम सब छोड़कर सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान दो। कभी-कभी ज्यादा बोलने से सामने वाले को बात बुरी लग जाती है। बात खराब हो जाती है। बच्चा (फिर डीएम को बीच में टोकते हुए)- सर जी, एक बात पूछें। आप अपनी सैलरी से तो पढ़ाएंगे नहीं। अभी मैं और मेरी बड़ी बहन पढ़ाई कर रहे हैं, पर आगे क्या? पढ़ाई का खर्च कैसे उठेगा? डीएम- पढ़ाई तो फ्री है। कॉपी-किताबें सब फ्री हैं। बच्चा- और जब आगे मेरी दीदी 9वीं में जाएगी तब? डीएम- तुम्हारी मम्मी तो कुछ काम करती हैं न? बच्चा- हां, मजदूरी करती हैं। लेकिन, आज की तारीख में 3000 रुपए में होता ही क्या है। डीएम- तुम पढ़ाई करो बस। हम दिखवाते हैं। बच्चा क्यों ताला खुलवाना चाह रहा, जानिए अमिताभ के पिता हरीश गुप्ता चार भाई हैं। कुछ साल पहले सभी भाई अलग हो गए। बंटवारे में बाकी तीन भाइयों को एक-एक कमरा मिला, जबकि हरीश को दो कमरे मिले। पुलिस जांच में सामने आया कि हरीश मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। उन्होंने दो शादियां की हैं। पहली पत्नी का निधन हो चुका है। मां का मौत के बाद बेटा लखनऊ में अपनी बुआ के यहां रहकर पढ़ाई करता है। अमिताभ का कहना है कि बंटवारे में जो कमरा पिता की पहली पत्नी को मिला था, उस पर अब उनका हक है, क्योंकि उनकी मौत हो चुकी है और बेटा यहां रहता नहीं है। मां बोलीं- स्कूल जाने की बात कहकर निकला था बच्चे की मां ने पुलिस को बताया- बेटा पढ़ाई में रुचि नहीं लेता और अक्सर घूमता रहता है। रोज कहता था कि दूसरे स्कूल में पढ़ना है। अभी वाले स्कूल से नाम कटवाओ। मैंने कहा- तुम खुद ही कटवा लो। फिर मुझसे कहकर चला गया कि स्कूल जाकर टीसी कटवाएगा, लेकिन तहसील पहुंच गया और वहां शिकायत कर दी। उन्होंने बताया कि परिवार के लोग घर के सामने कबाड़ डालते हैं। इसे लेकर रोज विवाद होता है। जब हम आपत्ति करते हैं तो लड़ने-झगड़ने लगते हैं। पति की दो शादी हुई तो पहली पत्नी का हिस्सा हमारे आपस की बात हुई। इन्होंने ताला क्यों डाला हुआ है वहां। उसे देना है या नहीं देना है, ये हम लोग तय करेंगे। बाकी लोगों को इससे क्या मतलब है। ——————————- ये खबर भी पढ़िए- पत्नी ने स्कूल मालिक पति को सांप से डसवाकर मारा:आधी रात बिस्तर पर सांप छोड़ा, लव-मैरिज की थी; मेरठ में शादीशुदा वैन ड्राइवर से अफेयर था
मेरठ में स्कूल संचालक पति को पत्नी ने सांप से डसवाकर मरवा दिया। उसने शादीशुदा वैन ड्राइवर प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दामिनी ने पहले पति अतुल कुमार (32) को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दी। फिर रात 2 बजे प्रेमी और सपेरों को बुलाकर बिस्तर पर करैत सांप छोड़ दिया। यह देश के 4 सबसे जहरीले सांपों में आता है। पूरी खबर पढ़िए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *