संवाददाता प्रभा शकंर मिश्रा
असोहा (उन्नाव)। असोहा ब्लॉक में कार्यरत पैरा वेट और पशु मित्रों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एफएमडी (मुंहपका-खुरपका) टीकाकरण अभियान का बहिष्कार कर दिया। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उन्नाव तथा पशु चिकित्सा अधिकारी, असोहा को ज्ञापन सौंपकर नियमित मानदेय दिए जाने की मांग की।ज्ञापन में पैरा वेट और पशु मित्रों ने 14 जुलाई को जारी शासनादेश का उल्लेख करते हुए कहा कि विभाग की ओर से प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उनका कहना है कि लंबे समय से नियमित मानदेय की मांग लंबित है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो अगस्त माह से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।इस दौरान पैरा वेट सुशील कुमार, सुधीर कुमार, सुनीत कुमार, सभाराज, रामनरेश, अमित कुमार, शैलेंद्र सहित कई पशु मित्र मौजूद रहे। वहीं स्थानीय किसान शिवराज और नानके ने चिंता जताते हुए कहा कि बरसात के मौसम में पशुओं में संक्रामक बीमारियों का खतरा अधिक रहता है। ऐसे समय में टीकाकरण कार्य प्रभावित होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। सूत्रों के अनुसार बहिष्कार के कारण क्षेत्र की कई गौशालाओं में भी एफएमडी टीकाकरण अभियान लगभग ठप हो गया है, जिससे पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है।

