कांवड़ यात्रा,चेहल्लुम और बारावफात को लेकर प्रशासन अलर्ट,डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश

ब्यूरो चीफ:विपिन द्विवेदी

सुलतानपुर :आगामी कांवड़ यात्रा,चेहल्लुम और बारावफात को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है।जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने पीस कमेटी की बैठक कर सभी विभागों को सुरक्षा,कानून-व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में कांवड़ मार्गों और प्रमुख शिवालयों पर साफ-सफाई,पेयजल,निर्बाध बिजली,प्रकाश व्यवस्था,बैरिकेडिंग,अस्थायी शौचालय,विश्राम स्थल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस,दवाएं और सर्पदंश से निपटने के लिए पर्याप्त एंटी-वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।एसपी चारू निगम ने कहा कि कांवड़ यात्रा और जुलूसों में इस्तेमाल होने वाले डीजे निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होंगे।उन्होंने रूट डायवर्जन,संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल,पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सख्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सतर्क रहने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *