पानी के टब में मिला शिक्षिका का शव, पति को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

फतेहपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शालिनी यादव नामक महिला अपने आवास पर पानी के टब में मृत अवस्था में मिलीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए।

पुलिस के अनुसार, मृतका के मायके पक्ष की ओर से उनके पति प्रदीप यादव को लेकर आरोप लगाए गए हैं। शालिनी यादव एक निजी विद्यालय में अध्यापिका थीं, जबकि उनके पति भी सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं। दोनों का विवाह करीब 9-10 वर्ष पूर्व हुआ था। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक सिर और पैर पर भी चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में पुलिस घटना को लेकर सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस ने मृतका के पति प्रदीप यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अब तक जुटाए गए अन्य साक्ष्यों से घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

पुलिस अधीक्षक फतेहपुर श्री अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि परिजनों से तहरीर प्राप्त होने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *