फतेहपुर। विद्या भारती कानपुर प्रांत के तत्वावधान में आयोजित 37वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता (सत्र 2026-27) के अंतर्गत हॉकी एवं हैंडबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, वीआईपी रोड फतेहपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 49 जिलों से आए खिलाड़ी, उनके संरक्षक आचार्य-आचार्याएं तथा 15 निर्णायक शामिल हुए।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री (पशुधन एवं दुग्ध विकास) श्रीमती कृष्णा पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्या भारती कानपुर प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री माननीय रजनीश पाठक ने की। उन्होंने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, चरित्र निर्माण और खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।कार्यक्रम की प्रस्तावना पूर्व क्षेत्रीय खेलकूद प्रमुख श्री जगदीश कुमार सिंह ने प्रस्तुत की। इस अवसर पर भारतीय शिक्षा समिति कानपुर प्रांत के मंत्री प्रह्लाद नारायण खंडेलवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय मार्ग प्रमुख राजेंद्र सक्सेना, विभाग प्रचारक शिव शंकर, सरस्वती विद्या मंदिर खागा के प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह, सरस्वती विद्या मंदिर बिंदकी के प्रधानाचार्य बलराम सिंह, सरस्वती विद्या मंदिर देवीगंज के प्रधानाचार्य पंकज, सरस्वती विद्या मंदिर चौक फतेहपुर की प्रधानाचार्या वर्षा शुक्ला समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। उद्घाटन समारोह में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। खिलाड़ियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ मार्चपास्ट कर अतिथियों को सलामी दी।प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों एवं आचार्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। 8 अगस्त से हॉकी एवं हैंडबॉल की विभिन्न स्पर्धाएं शुरू होंगी, जिसमें 49 जिलों की टीमें मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय परिसर में खेल महाकुंभ जैसा उत्सवी माहौल बना हुआ है।
