आज सावन का दूसरा सोमवार है। काशी, अयोध्या और प्रयागराज समेत पूरे प्रदेश के शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ है। काशी में अब तक 4 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। 3 किमी लंबी लाइन लगी है। जलाभिषेक के लिए भक्तों को सिर्फ 1 सेकेंड मिल रहा है। ADCP वैभव बांगर ने बताया कि गंगा का जलस्तर बढ़ने से गंगा द्वार बंद कर दिया गया है। इससे भीड़ बढ़ गई है। महाकुंभ जैसी व्यवस्था लागू की गई है। मंदिर-घाट जाने वाली गलियों को वन-वे किया गया है। बाबा विश्वनाथ गौरीशंकर स्वरूप में दर्शन दे रहे हैं। मंदिर के CEO और SDM ने भक्तों पर फूल बरसाए। जापान से पहुंचे पर्यटकों ने भी बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। पश्चिमी यूपी की सड़कों पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। कोई हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहा है, तो कोई जल लेने जा रहा है। मुजफ्फरनगर के 60 साल के परशुराम शर्मा नाक में ऑक्सीजन लगाकर स्कूटी से कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। साथ में ऑक्सीजन के दो सिलेंडर भी लिए हैं। परशुराम हरिद्वार से गंगाजल भर चुके हैं। अब मुजफ्फरनगर के शिव मंदिर में जल चढ़ाएंगे। उन्होंने कहा, “मुझे फेफड़ों की बीमारी है। डॉक्टरों की सलाह पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रहना पड़ता है। एक पल के लिए भी ऑक्सीजन हटाने की स्थिति में नहीं हूं।” सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कांवड़ियों पर फूल बरसाए। हाथों से फल बांटे और खीर खिलाई। मेरठ में इंफ्लुएंसर शादाब जकाती ने भी शिवभक्तों को फल बांटे। कांवड़ियों के साथ सेल्फी ली और गले लगाकर स्वागत किया। फर्रुखाबाद में रविवार देर रात कांवड़ यात्रा से लौट रहे देवर-भाभी की सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों बाइक से गंगाजल लेकर मैनपुरी लौट रहे थे। तभी एक बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप दोनों के सिर के ऊपर से गुजर गई। 5 तस्वीरें देखिए… सावन के दूसरे सोमवार से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
नाक में ऑक्सीजन लगी, फिर भी कांवड़ लेकर निकला बुजुर्ग:स्कूटी पर दो सिलेंडर रखे; इंफ्लुएंसर शादाब जकाती ने फल बांटे; काशी में महाकुंभ जैसी व्यवस्था
