बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़वा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तथा आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आॅपरेशन थिएटर, इमरजेंसी सेवा सहित विभिन्न कक्षों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध संसाधनों एवं चिकित्सकीय सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करते हुए मरीजों को स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जाए।निरीक्षण के दौरान अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि बारिश के दौरान अस्पताल परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आवागमन सहित अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
जिलाधिकारी ने जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके स्थायी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत पचपेड़वा को स्वास्थ्य केंद्र परिसर को आवश्यकतानुसार ऊंचा किए जाने तथा परिसर की जलनिकासी व्यवस्था को नगर पंचायत के नाले से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में तकनीकी रूप से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करते हुए जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन एवं आवासीय परिसर की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सीएचसी भवन एवं आवासीय परिसर के सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार किए जाने तथा आवश्यक धनराशि की स्वीकृति हेतु शासन को प्रस्ताव भेजे जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र पर आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ साफ-सफाई, स्वच्छता एवं परिसर की समुचित व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे मरीजों एवं उनके तीमारदारों को स्वास्थ्य केंद्र पर बेहतर वातावरण एवं सुविधाएं प्राप्त हों।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श् हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
