सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ को लेकर भाजपा और संघ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- ‘भाजपा आज भी देश में बंटवारे की राजनीति कर रही है। स्वतंत्रता दिवस की तैयारी करने के बजाय भाजपा विभाजन विभीषिका दिवस मनाने में लगी रही। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पर भी सवाल उठाया। कहा- सरकार को लोगों में ‘मन-मन तिरंगा’ की भावना पैदा करनी चाहिए। भाजपा का राष्ट्रवाद एक रंग का है, जबकि समाजवादी विचारधारा का राष्ट्रवाद सभी को साथ लेकर चलने वाला है। ‘चढ़ावा चोरी’ पर सरकार को घेरा, ₹40 हजार देने का वादा किया स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान केंद्र और यूपी सरकार पर कई सवाल उठाए। उन्होंने किसान, बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेपर लीक, महिला आरक्षण और संविधान जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। 1. एक्सप्रेस-वे और जेवर एयरपोर्ट पर सवाल अखिलेश ने बारिश के बाद एक्सप्रेस-वे को हुए नुकसान और जेवर एयरपोर्ट में पानी भरने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की लागत और उसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। उनका दावा था कि हजारों करोड़ खर्च होने के बावजूद पहली बारिश में ही सड़क की हालत खराब हो गई। जेवर एयरपोर्ट में पानी भरने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे मुख्यमंत्री ने इंजीनियर से नक्शा लेकर खुद ही डिजाइन तैयार कर दिया हो। 2. किसान खुश होगा, तभी देश खुशहाल होगा अखिलेश ने सरकार के विकास और प्रति व्यक्ति आय के आंकड़ों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ आंकड़ों में तरक्की दिखाने से देश खुशहाल नहीं होगा। उनके मुताबिक, किसान को समय पर पानी, बीज और खाद मिले और फसल का सही दाम मिले, तभी उसकी हालत सुधरेगी। उन्होंने राशन योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर बड़ी संख्या में लोगों को लगातार सरकारी राशन की जरूरत पड़ रही है, तो गरीबी की असली स्थिति पर भी बात होनी चाहिए। 3. स्कूल और अस्पतालों की हालत पर सवाल अखिलेश ने दावा किया कि यूपी में करीब 26 हजार और देशभर में करीब एक लाख सरकारी प्राथमिक स्कूल बंद हो चुके हैं। उनका आरोप है कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को धीरे-धीरे निजी हाथों में दे रही है। स्वास्थ्य व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि कई अस्पतालों में डॉक्टर हैं तो दवाएं नहीं हैं। एंबुलेंस न मिलने पर एक गर्भवती महिला को चारपाई पर अस्पताल ले जाने का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ देश मिसाइल और सैटेलाइट की बात करता है, वहीं गरीबों को एंबुलेंस जैसी बुनियादी सुविधा भी नहीं मिल रही। 4. विज्ञापन पर हजारों करोड़ खर्च करने का आरोप अखिलेश ने सरकार के विज्ञापन खर्च पर भी सवाल उठाया। उनका दावा है कि पहले विज्ञापन का बजट करीब 250-300 करोड़ रुपए था, जो अब बढ़कर करीब 2 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी छवि चमकाने के बजाय शिक्षा और स्वास्थ्य पर पैसा खर्च करना चाहिए। AI और रोजगार को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जब दुनिया AI के क्षेत्र में आगे बढ़ रही थी, तब सरकार सो रही थी। 5. महिलाओं को 40 हजार रुपए देने का वादा अयोध्या में भगवान को चढ़ाए गए चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर भी अखिलेश ने सवाल उठाए। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। महिलाओं के लिए उन्होंने कहा कि जो सरकार 1500 रुपए देने का वादा पूरा नहीं कर पाई, उसके बड़े आर्थिक वादों पर जनता कैसे भरोसा करे। 2027 के लिए कार्यकर्ताओं को भी संदेश अखिलेश ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी जल्द ही नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए एक साझा गाइडलाइन जारी करेगी। इसमें किसान, खाद-डीएपी, एंबुलेंस, डायल-100, एक्सप्रेस-वे, आरक्षण और रोजगार जैसे मुद्दे शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि वे ऐसे गैर-जरूरी बयान देने से बचें, जिनसे भाजपा को राजनीतिक फायदा मिल सकता है। ——————– ये भी पढ़ें- अखिलेश यादव ने सपा कार्यालय में ध्वजारोहण किया:बोले- संविधान मजबूत करने के लिए जो त्याग करना पड़ेगा, वो करेंगे स्वतंत्रता दिवस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने सुदर्शन चक्र के प्रतीक का अनावरण किया। सपा नेता अन्वेष कुमार सिंह चौहान ने यह सुदर्शन चक्र अखिलेश यादव को भेंट किया। पढ़िए पूरी खबर…
अखिलेश बोले- भाजपा के लोग विभाजन प्रेमी:इसलिए मनाते हैं विभाजन विभीषिका दिवस; लाल किले से झूठ नहीं बोलना चाहिए
