जुलूस के दौरान 26 अगस्त को सुबह 10 बजे से लागू रहेगा यातायात परिवर्तन
उन्नाव। ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर 26 अगस्त को निकलने वाले जुलूस को देखते हुए उन्नाव पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। पुलिस के अनुसार सुबह 10 बजे से जुलूस समाप्त होने तक छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन में बदलाव रहेगा।
गांधी नगर तिराहा से शहर की ओर आने वाले ई-रिक्शा, ऑटो और कमर्शियल चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को गदनखेड़ा चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हरदोई ओवरब्रिज से आईबीपी चौराहे की ओर आने वाले ई-रिक्शा, ऑटो व कमर्शियल चार पहिया वाहनों को प्रकाश गेस्ट हाउस की ओर भेजा जाएगा।पुलिस ऑफिस तिराहा से बड़ा चौराहा की ओर आने वाले ई-रिक्शा, ऑटो और कमर्शियल चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें प्रकाश गेस्ट हाउस तिराहा, हरदोई ओवरब्रिज होते हुए लखनऊ बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं हुसैन नगर चौराहा से आईबीपी चौराहा की ओर आने वाले वाहनों को छतुरिया कुआं से वापस किया जाएगा और आईबीपी चौराहे की ओर आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
भारी वाहनों के लिए भी बदला मार्ग
बांगरमऊ और सफीपुर की ओर से उन्नाव शहर में आने वाले कमर्शियल एवं भारी वाहनों को चकलवंशी चौराहा से मियागंज चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों का शहर क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गदनखेड़ा चौराहा से शहर की ओर आने वाले कमर्शियल व भारी वाहनों को वकीलों के मैदान होते हुए नहरिया कट से मगरवारा की ओर भेजा जाएगा। इसी प्रकार मगरवारा की ओर से शहर में आने वाले भारी वाहनों को नहरिया कट से वकीलों के मैदान होते हुए गदनखेड़ा चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।पुलिस ने जुलूस के दौरान वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
