लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि से उत्पन्न हालात को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और जरूरतमंद परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।मुख्यमंत्री ने अति वर्षा और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि तथा आर्थिक क्षति का तत्काल आकलन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नुकसान का आंकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए। प्रशासन को स्थानीय परिस्थितियों पर नजर रखते हुए आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने को कहा गया है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। अतिवृष्टि के दौरान नदियों और जलाशयों में जाने से बचें तथा प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय होकर राहत कार्यों की निगरानी करने और पीड़ित परिवारों तक समय से सहायता पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।
