उन्नाव। बारावफात पर्व के अवसर पर बुधवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह एवं अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार ने संयुक्त रूप से कोतवाली सदर क्षेत्र में निकल रहे बारावफात जुलूस के रूट और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जुलूस की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा को लेकर मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस-प्रशासन ने संवेदनशील स्थलों पर सतर्क निगरानी रखने के साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जुलूस के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात संचालन प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन पर लगातार नजर रखी गई।
