लखनऊ में पुलिसवाले सपाइयों को कंधे-गोद में उठाकर ले गए:कइयों को सड़क पर घसीटा; चुनाव आयोग की अस्थिकलश यात्रा निकाल रहे थे

लखनऊ में शुक्रवार को प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को गोद में उठाकर हिरासत में लिया। कुछ को सड़क पर पटक दिया और घसीटते हुए पुलिस वैन तक ले गई। इसके बाद सभी को ईको गार्डन ले जाया गया। सपा कार्यकर्ता चुनाव आयोग की प्रतीकात्मक अस्थिकलश यात्रा निकाल रहे थे। वे वोट चोरी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पुलिस ने जब कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने की कोशिश की तो कई महिला और पुरुष कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें हाथ-पैर पकड़कर उठाने लगे। कुछ को घसीटकर वैन तक ले जाया गया। एक पुलिसकर्मी ने एक कार्यकर्ता को दोनों हाथों से उठाया और वैन के पास सड़क पर पटक दिया। सपा कार्यकर्ता शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जनपथ मार्केट के पास जुटे थे। वे वहां से विधानसभा की ओर जा रहे थे। हजरतगंज में पुलिस ने उन्हें रोक लिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर अभद्रता करने और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा होता रहा। प्रदर्शन की तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए कार्यकर्ताओं ने क्या कहा… प्रदर्शन में बाराबंकी से आए अभिषेक यादव ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या की है। जब तक उनका इस्तीफा नहीं होगा, तब तक हम लोग सड़क पर रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि 35 करोड़ से ज्यादा वोट चोरी कर अलग-अलग राज्यों और केंद्र में भाजपा की सरकार बनवाने में मदद की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके इशारे पर पूरा चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए वे सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे। ‘चुनाव आयोग का अस्थि विसर्जन करने निकले’ हाथ में अस्थि कलश लेकर पहुंचे छोटू ने कहा कि वे चुनाव आयोग का अस्थि विसर्जन करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग मर चुका है और इस कलश में उसकी राख है।” उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा का पक्ष ले रहा है और लगातार बेईमानी कराई जा रही है। छोटू ने आरोप लगाया कि बिहार और पश्चिम बंगाल के बाद अब उत्तर प्रदेश को भी प्रभावित करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से नहीं हटाया जाता, तब तक यूपी में चुनाव नहीं होने देंगे। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से लोकतंत्र कमजोर हुआ है। ‘विपक्ष पहले से वोट चोरी का मुद्दा उठा रहा’ प्रदर्शन में शामिल रिंकी सिंह ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लंबे समय से वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कई बार इसके सबूत भी दिए गए, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। रिंकी ने कहा कि एक अंग्रेजी अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग की भूमिका पर फिर सवाल उठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की मिलीभगत से भाजपा को फायदा पहुंच रहा है। …………….. ये खबर भी पढ़ें… ‘भ्रम में मत रहो, तुम्हारे बुलडोजर से डर जाएंगे’:लखनऊ में फूटकर रोए एंबुलेंस ड्राइवर, बोले- हमारे घरों का चूल्हा बुझाने वाले, मिट्टी में मिल जाएंगे लखनऊ में शुक्रवार को डायल-108 और डायल-102 एंबुलेंस के ड्राइवरों ने नौकरी से निकाले जाने के विरोध में हजरतगंज में प्रदर्शन किया। गांधी प्रतिमा पर पहुंचे कुछ ड्राइवर रोने लगे। उन्होंने कहा- कोरोना में फ्रंटलाइन वॉरियर बनकर सेवा की, बाद में 9 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। 5 साल से रोजगार के लिए भटक रहे हैं, हम बुलडोजर से डरने वाले नहीं हैं। ड्राइवरों ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘कोरोनाकाल में हमें हीरो कहा, अब हम जीरो हो गए’ और ‘डिप्टी सीएम इस्तीफा दो’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रोजगार के लिए लखनऊ और कन्नौज के चक्कर काटते-काटते थक चुके हैं। कई बार लखनऊ आकर भूखे रहना पड़ता है। पढ़िए पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *