लखनऊ में योगी ने सूर्य को अर्घ्य दिया, फूल बरसाए:काशी में छठ मनाने फ्रांस से आई महिला, माथे पर सिंदूर लगवाया, साड़ी पहनी

महापर्व छठ के तीसरे दिन आज रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य यानी डूबते सूरज को अर्घ्य दिया जा रहा है। लखनऊ में सीएम योगी ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। श्रद्धालुओं पर फूल भी बरसाए। उन्होंने लोक गायिका शारदा सिन्हा को याद किया। कहा कि छठ के गीतों को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाली शारदा सिन्हा को याद किए बिना यह पर्व अधूरा है। लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर छठ पूजा के आयोजन में पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने छठी मैया के गीत गाए। उनके साथ 100 से ज्यादा कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उधर, वाराणसी के राजा घाट पर छठ मनाने के लिए फ्रांस से लिया पहुंचीं। उन्होंने माथे पर सिंदूर लगाया और साड़ी पहनकर पूजा में शामिल हुईं। लिया ने बताया वह खास तौर पर छठ पूजा में शामिल होने के लिए वाराणसी आई हैं। अस्सी घाट पर रूस की रहने वाली एक महिला छठ पूजा में शामिल हुई। लखनऊ में गोमती नदी के किनारे 110 घाटों पर व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। कई महिलाएं दंडवत करते हुए लक्ष्मण मेला मैदान घाट पहुंचीं। घाटों पर कहीं धोबिया नृत्य की प्रस्तुति हुई तो कहीं छठी मैया के गीत गूंजे। बच्चे सूर्य भगवान और छठी मैया का रूप बनाकर पहुंचे। कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में भी व्रती महिलाओं ने गंगा घाटों पर पहुंचकर पूजा की। उनके दउरे फल और पूजा सामग्री से सजे नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *