कुंभ स्पेशल ट्रेन को अलीगढ़ में रोका, वापस भेजा प्रयागराज:तीन हजार से ज्यादा यात्रियों को दूसरी ट्रेनों से रवाना किया गया

माघी पूर्णिमा पर महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 11 फरवरी को प्रयागराज से दिल्ली जा रही कुंभ स्पेशल मेला गाड़ी को अलीगढ़ स्टेशन पर रोक लिया गया। यहां से 3500 से अधिक यात्रियों को दूसरी ट्रेनों से रवाना किया गया। बाद में इस ट्रेन को वापस प्रयागराज भेज दिया गया। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज से दिल्ली जा रही कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन को अलीगढ़ स्टेशन पर ही रोक लिया गया। यहां इस ट्रेन से यात्रियों को उतारकर अमृत भारत, हमसफर, संतरागाछी और गोमती एक्सप्रेस ट्रेन में बिठाकर गंतव्य तक भिजवाया गया। जबकि कुंभ मेला स्पेशल की खाली रैक में अलीगढ़ से यात्रियों को बिठाकर वापस सूबेदारगंज, प्रयागराज भिजवाया गया। उन्होंने बताया कि कुंभ मेला स्पेशल गाड़ियों से अलीगढ़, खुर्जा, दादरी स्टेशन पर वापस आने पर यात्रियों को सकुशल घर पहुंचाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दादरी से रात 9 बजे प्रयागराज जाने के लिए कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। अलीगढ़ स्टेशन से यह ट्रेन रात साढ़े दस बजे प्रयागराज के लिए रवाना की जा रही है। आरपीएफ, जीआरपी और स्टेशन अधीक्षक ने यात्रियों को सकुशल अन्य ट्रेनों में सवार कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *