सीतापुर में दरोगा ने पीट-पीटकर युवक को मार डाला:मौत से पहले युवक का वीडियो; दुकान के बाहर सो रहा था, चोर समझकर पीटा

सीतापुर में दरोगा की पिटाई से युवक की मौत हो गई। मौत से पहले उसका एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह कह रहा है- दरोगा ने मुझे बेरहमी से पीटा है। मेरा कोई कसूर नहीं है। युवक मंगलवार की रात अपनी दुकान के बाहर सो रहा था। दरोगा ने चोर समझकर उसको जमकर पीटा। जब बेहोश हो गया, तो छोड़कर भाग गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां बुधवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। घटना से गुस्साए परिजनों ने बुधवार सुबह विरोध प्रदर्शन किया। महमूदाबाद सिधौली मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही एसपी समेत 2 थानों की फोर्स मौके पर पहुंचे। परिवार वालों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परिजन करीब 1 घंटे तक जाम लगाए रहे। घटना सिधौली थाना क्षेत्र के जसवंतपुर की है। पहले 3 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए पूरा मामला… जसवंतपुर के रहने वाले सत्यपाल (26) पुत्र सोहबरन सिंह की घर से 800 मीटर दूर जाफरीपुर की मार्केट में किराए पर परचून की दुकान थी। उनका छोटा भाई और पिता दुकान पर बैठते थे। पास की 3 दुकानें उनके चाचा ने किराए पर ले रखी हैं। सत्यपाल मंगलवार रात को अपनी दुकान के बाहर सो रहे थे। रात करीब 1 बजे दरोगा मणिकांत श्रीवास्तव अपनी गाड़ी से राउंड पर थे। उनके साथ 5-6 पुलिसकर्मी और थे। उन्होंने सत्यपाल को जगाकर उससे नाम पूछा। पूछताछ के बाद दरोगा सत्यपाल को पीटने लगे। उसे इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया। फिर उसे छोड़कर चले गए। पास के दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी
रामखिला‌वन और आकाश भी पास में अपनी दुकानों में सो रहे थे। उन्होंने दरोगा को युवक को पीटते हुए देखा। इन्हीं दोनों ने सत्यपाल के पिता के घटना की जानकारी दी। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने युवक से घटना के बारे में पूछा। तब उसने दरोगा पर पीटने का आरोप लगाया। इसी दौरान भीड़ में से किसी ने इसका वीडियो बना लिया। लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। सत्यपाल को सीएचसी ले गए। जहां आज सुबह उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही गुस्साए परिजन और ग्रामीण महमूदाबाद सिधौली मार्ग पर इकट्‌ठा हो गए। उन्होंने दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। इस दौरान दोनों तरफ का ट्रैफिक पूरी तरह से रुक गया। सड़क पर करीब 1 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही एसपी अंकुर अग्रवाल, एडिशनल एसपी उत्तरी आलोक सिंह, सीओ सिधौली कपूर कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस परिजनों को समझाने की कोशिश करती रही, लेकिन वह तुरंत कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों के बहुत समझाने पर परिजन माने। युवक ने मौत से पहले जो कहा, वो पढ़िए
सत्यपाल ने वीडियो में कहा- कोतवाली की गाड़ी आई थी। उससे उतरते ही दरोगा ने मेरा नाम पूछा। नाम बताने पर उसने मुझे 4-5 झापड़ मारे। इसके बाद बेरहमी से पीटा। सीने पर लातों से वार किया और मुझे फेंक दिया। हमारी गर्दन घूम गई और हम गिर गए। भाई बोला- 10 फीट की ऊंचाई से फेंका
भाई छोटू ने बताया कि जाफरीपुर में हमारे परिवार की 3-4 दुकानें हैं। घर पर मैं और पिता रहते हैं। मां की मौत हो चुकी है। मेरे बड़े भाई रक्षाबंधन पर घर आए थे। वह ड्राइवर का काम करते थे। गांव में कम ही रहते थे। कल रात वह दुकान के बाहर सो रहे थे। इसी समय दरोगा जी गाड़ी से राउंड पर आए और भाई को बेरहमी से पीटा। उन्हें 10 फीट ऊंचाई से फेंक दिया। जब भाई बेहोश हो गए, तो गांव वालों को बुलाकर पूछा कि ये कौन है। गांव वालों ने बताया कि ये तो सोहबरन सिंह का लड़का है। इसके बाद पुलिस वाले बेहोशी की हालत में भाई को छोड़कर चले गए। हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। हमारा भाई बहुत रो रहा था। वह बोल नहीं पा रहा था। बिना पूछताछ के पिटाई की गई
चचेरे भाई अमित ने बताया कि हमारे चाचा का लड़का परचून की दुकान के बाहर लेटा था। मणिकांत दरोगा साहब आए और पूछताछ की। वो बस आए और मारने लगे। ऐसा मारा है कि भाई काउंटर पर था, वहां से नीचे गिरा। इसके बाद वह पत्थर पर लेट गया, वहां से 7 फीट नीचे फेंक दिया। उससे पूछा यहां क्यूं लेटे हो तो उसने अपना नाम बताया और कहा ये हमारी दुकानें हैं। इतना बोलते ही उन्होंने उसे और पीटा। एक परिजन ने बताया कि महीने भर पहले एक चोरी हुई थी। सत्यपाल गाड़ी चलाता है तो वह गांव कम ही आता है। अभी रक्षाबंधन पर वह घर आया था। इसलिए दरोगा को लगा कि ये चोर है। दरोगा जी ने कहा कि हम तुम्हें तो जानते नहीं हैं। उसने बताया कि हम तो गाड़ी चलाते हैं। पीटने के बाद जब बेहोश हो गया तब दरोगा जी ने बाबा जी को बुलाया। उनके बताने पर सत्यपाल को बेहोशी की हालत में छोड़कर वो लोग चले गए। दरोगा के सामने बोला- इन्हीं साहब ने मारा है वहीं, एक और वीडियो सामने आया है, जिसे दरोगा ने बनवाया है। इसमें एक बुजुर्ग मरने वाले युवक से जबरन पूछताछ कर रहा है। उसमें भी युवक कहता है कि साहब ने हमें मारा है, हमारी गर्दन टूट गई है। इस पर दरोगा हंसता है और बुजुर्ग कहता है कि हमें तो साहब आज तक नहीं मारे, तुम कुछ किए होगे ऐसा काम। बुजुर्ग कहता है कि इसका पापा इसे सुबह गाली दे रहा था, उसी ने मारा होगा आप क्यूं मारेंगे। गैर इरादतन हत्या की धारा में केस ​​​​​​​अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि जसवंतनगर की घटना में परिजनों ने दरोगा पर आरोप लगाया है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मी द्वारा युवक को मारा-पीटा गया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने दरोगा मणिकांत और हमराह सिपाहियों के नाम पर शिकायत दी है। सिधौली कोतवाली में पुलिस ने BNS की धारा 105 के तहत केस दर्ज किया है। 105 में गैर इरादतन हत्या होती है इसमें आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।
————————- यह खबर भी पढ़ें… CHC अधीक्षक ने डॉक्टर को जड़ा थप्पड़, VIDEO:डॉक्टर हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा, अधीक्षक को 2 साल पहले डिप्टी CM ने हटाया था प्रयागराज में CHC अधीक्षक ने शराब पीकर जमकर हंगामा किया। जूनियर डॉक्टरों को गालियां दीं। एक डॉक्टर के साथ मारपीट भी की। डॉक्टर हाथ जोड़कर छोड़ने की गुहार लगा रहा था, लेकिन अधीक्षक उसके साथ अभद्रता कर रहा था। अधीक्षक ने सीएचसी में खड़ी बाइकों को लात मारकर गिरा दिया। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने डॉक्टर को समझाकर वापस भेजा। घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे कौड़िहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की है। इसका वीडियो भी सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *