यूपी में बारिश से डैम, नदियां और नाले उफान पर हैं। अब तक 8 बांधों के गेट खोले जा चुके हैं। चंदौली में घाघरा नदी पर बना मुसाहिबपुर बंधा रविवार तड़के अचानक टूट गया। इसके चलते पांच गांवों में पानी घुस गया है। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पंखियन गांव में प्रधान का कार्यालय समेत तीन मकान गंगा में समा गए। एटा में शनिवार रात बारिश के चलते 60 साल पुराना मकान ढह गया। मलबे में परिवार के 8 लोग दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मामला अलीगंज थाना क्षेत्र के नगला जैत गांव का है। मिर्जापुर में अहरौरा बांध ओवरफ्लो हो गया है। इसके चलते 9 साल बाद 22 गेट खोलने पड़े। इससे 20 से ज्यादा गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। सोनभद्र में धंधरौल बांध का जलस्तर बढ़ गया। इसके बाद बांध के 22 फाटक खोल दिए गए हैं। चंदौली के मूसाखंड और लतीफ शाह बांध भी लबालब भर गए हैं। दोनों बांधों के गेट खोल दिए गए हैं। ललितपुर में माताटीला, राजघाट, भौंरट, जैमिनी और गोविंद सागर बांध भी ओवरफ्लो हो गए हैं। फर्रुखाबाद का भुड़िया भेड़ा गांव गंगा नदी की बाढ़ से टापू बन गया है। इसके चलते लोग नाव से आ-जा रहे हैं। शनिवार को नाव से चार लोग बाजार जा रहे थे, तभी तेज बहाव आया और नाव पलट गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। रस्सी के सहारे नाव और लोगों को बाहर निकाला। बदायूं में गंगा नदी का पानी 6 गांवों में घुस गया है। गलियों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया है। सड़कों पर नाव चल रही है। आज 60 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में नया वेदर सिस्टम एक्टिव हो गया है। इसके चलते अच्छी बारिश हो रही है। सोमवार को प्रदेश के 30 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। इनमें पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के अलावा नेपाल से सटे जिले शामिल हैं। शनिवार को लखनऊ, अलीगढ़, प्रयागराज समेत 55 शहरों में बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 6.8 मिमी बारिश हुई। अब तक प्रदेश में 543.6 मिमी बारिश हुई। यह औसत अनुमान 548.4 मिमी से 1% कम है। तस्वीरें देखिए-
आज कहां होगी बारिश, जानिए UP में बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….
