लखनऊ में एक दलित बुजुर्ग से मंदिर परिसर में पेशाब चटवाई गई। दरअसल, बीमार बुजुर्ग मंदिर के सामने से गुजर रहे थे। तभी अचानक उन्हें दिक्कत महसूस हुई। तबीयत खराब होते ही वह मंदिर की सीढ़ियों पर बैठ गए। इसी दौरान उनकी पेशाब छूट गई। यह देखते ही मंदिर के सामने की दुकान से एक दबंग बुजुर्ग के पास आया। दबंग ने बुजुर्ग से कहा कि मंदिर में पेशाब कर दी। अब इसे शुद्ध करना होगा। पहले बुजुर्ग से पेशाब चटवाई। फिर पानी से पूरा मंदिर धुलवाया। घटना सोमवार की काकोरी स्थित शीतला माता मंदिर की है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। परिवार वालों के मुताबिक, बुजुर्ग को सांस की बीमारी है। अब पूरा मामला विस्तार से… दबंग बोला- मंदिर अपवित्र किया, अब पेशाब चाटो शीतला माता मंदिर के ठीक सामने स्वामी कांत उर्फ पम्मू की ज्वैलरी शॉप है। उसे जैसे ही इस बात की खबर लगी कि मंदिर में बुजुर्ग की पेशाब हो गई है। वह गुस्से में उठकर तमतमाया हुआ बुजुर्ग रामपाल के पास आया। बुजुर्ग की दिक्कत पूछे बिना भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। कहने लगा कि तुमने पूरा मंदिर गंदा कर दिया। अब तुम्हें अपनी पेशाब चाटनी होगी। तभी मंदिर की शुद्धि होगी। इसके साथ ही पूरे मंदिर को भी धुलना होगा। इसके बाद परेशान बुजुर्ग ने बीमारी की हालत में अपनी पेशाब को चाटा। फिर पूरे मंदिर को पानी से धुला। अब पीड़ित की आपबीती पढ़िए… बीमार हूं, गलती से पेशाब छूट गई पीड़ित रामपाल ने बताया- मैं सांस का मरीज हूं। तबीयत खराब हुई तो मंदिर की सीढ़ियों पर बैठ गया। तभी मेरी पेशाब छूट गई। पम्मू दुकान से निकलकर आए। मुझसे पूछा- क्या पेशाब कर दिया? मैंने बोला– हां साहब, पेशाब धोखे से हाे गई। पम्मू मुझसे गुस्से में गाली देकर बोले- इसको चाटो। हमने चाट लिया। इसके बाद बोले- लात मारूंगा। यहां से भाग जाओ। उन्होंने मुझे लात भी मारी। रामपाल बोले- आरोपी भी पेशाब चाटे बुजुर्ग रामपाल ने कहा- मुझे न्याय चाहिए। जैसे मुझसे पेशाब चटवाया है। वैसे ही पम्मू भी पेशाब चाटे। हमने थाने में शिकायत की है। वो बड़े लोग हैं। अब देखो पुलिस क्या करती है? पोते मुकेश कुमार ने बताया- बाबा को सांस-हांफने की समस्या है। उन्हें खांसी भी आती है। इसके चलते जब थकान होती है। तो वे वहीं ठहर जाते हैं। सोमवार रात करीब 8 बजे घर की तरफ आ रहे थे। तभी बाबा हांफने लगे। वह आराम के लिए मंदिर की सीढ़ियों पर बैठे थे। तभी उनकी पेशाब छूट गई। परिजनों को सूचना दी मंगलवार सुबह बाबा ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद हम लोगों ने शिकायत करने का फैसला लिया। पीड़ित रामपाल ने इस घटना के बाद काकोरी थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं आरोप लगाया कि स्वामीकांत RSS कार्यकर्ता है। एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया- पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिससे आगे ऐसी घटनाएं न हों। ……………………………….. यह खबर भी पढ़ें लखनऊ में दोस्त की लाश के साथ सोता रहा:गेस्ट हाउस में रात में पार्टी की, परिजन बोले- सुपरवाइजर ने मरवा डाला लखनऊ के गेस्ट हाउस में युवक का संदिग्ध हालात में शव मिला। उसके बगल में पड़ोस में रहने वाला मित्र सो रहा था। मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन ने हत्या का आरोप लगाते हुए करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम कर दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर
