चोरी की वारदातों का खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

लालगंज, प्रतापगढ़। लालगंज कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का जनरेटर, सबमर्सिबल मोटर, जेवरात बेचकर प्राप्त नकदी तथा घटना में प्रयुक्त मैजिक डाला बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर शुक्रवार को जेल भेज दिया, जबकि फरार तीसरे आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार के निर्देशन में दरोगा मिथलेश चौरसिया गुरुवार देर रात पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल दो संदिग्ध सराय जगत सिंह प्राथमिक विद्यालय के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर खानापट्टी के तकिया निवासी मो. सद्दीक पुत्र मो. बशीर तथा मो. कैफ पुत्र मो. बशीर को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का एक जनरेटर, एक सबमर्सिबल मोटर, चोरी के जेवरात बेचकर प्राप्त नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त मैजिक डाला बरामद किया। पुलिस बरामद सामान के संबंध में अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी दाऊद उर्फ अरबाज निवासी महिमापुर का नाम भी बताया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *