मुजफ्फरनगर में पिता ने इकलौते बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। बहू को भी गोली मारी है। उसका इलाज चल रहा है। SSP संजय कुमार ने बताया कि देखभाल नहीं करने को लेकर पिता का अक्सर बहू-बेटे से विवाद होता था। शुक्रवार को भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। गुस्से में पिता ने लाइसेंसी बंदूक से बेटे और बहू को गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़कर पहुंचे। दोनों को आनन-फानन में कार से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां बेटे की मौत हो गई। वारदात के बाद पिता मौके से फरार नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। वारदात भोपा थाना के मोहल्ला चौक में सुबह करीब 11 बजे हुई। तस्वीरें देखिए- घायल बहू ने बताई पूरी घटना मोहल्ला चौक का रहने वाला आरोपी ब्रजवीर सिंह (55) खेती-किसानी करता है। उसके पास 22 बीघा खेती है। बेटा रॉबिन खेती में उसका हाथ बंटाता था। रॉबिन की बहन सपना है। उसकी भी शादी हो चुकी है। रॉबिन और रविता के दो बच्चे हैं- बेटा आकर्ष (16) और बेटी अक्षि (9)। जिला अस्पताल में भर्ती बहू रविता ने बताया- आज सुबह करीब 11 बजे घर में झगड़ा हुआ। थोड़ी देर बाद मेरे ससुर ब्रजवीर सिंह ने लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक निकाल ली और हम दोनों पर गोली चला दी। पहली गोली पति को लगी, उनके पेट में गोली लगी और वे जमीन पर गिर पड़े। रविता ने कहा- मैं बचने के लिए भागी तो ससुर ने सामने आकर मुझे भी गोली मारी, फायर होते ही मैंने बंदूक पकड़ ली, इससे बुलेट मेरे हाथ में लग गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना देकर तुरंत कार से हम दोनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मेरे पति रॉबिन को मृत घोषित कर दिया। पड़ोसी बोले- अक्सर घर में होता था झगड़ा पड़ोसी ओमबीर ने बताया- ब्रजवीर की पत्नी की 5 साल पहले मौत हो चुकी है। उसके बाद बेटे और बहू ही उसकी सेवा करते थे। घर में पहले भी लड़ाई झगड़ा होता रहता था। आज ब्रजवीर ने बहू और बेटे रॉबिन पर गोली चला दी। वो गोली मारने के बाद घर से भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आते ही उसे हिरासत में ले लिया। रॉबिन का बेटा और बेटी पास के ही हेरिटेज पब्लिक स्कूल में पढ़ते हें। बेटा 12वीं का छात्र है जबकि बेटी कक्षा 4 में पढ़ती है। SSP मौके पर पहुंचे, फोरेंसिक ने सबूत जुटाए वारदात की सूचना पर SSP संजय कुमार पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए। SSP ने बताया- आरोपी ने लाइसेंसी बंदूक से बेटे और बहू को गोली मार दी। उससे पूछताछ की जाएगी। बहू का बयान भी लिया जाएगा। मृतक के के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। ये खबर भी पढ़ें मदरसे ने 13 साल की बच्ची का वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांगा:मुरादाबाद में प्रबंधन ने कहा- पिता के साथ अकेले थी बेटी, मेडिकल कराओ मुरादाबाद के एक मदरसा में आठवीं में पढ़ने वाली छात्रा से वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांगा गया। छात्रा के पिता ने बताया- पत्नी की मां बीमार थी, इसलिए वह अपनी मां की देखभाल के लिए कुछ दिनों के लिए प्रयागराज मायके गई थीं। इस दौरान बेटी उनके पास अकेले थी। पूरी खबर पढ़ें
