योगी की मां सावित्री देवी शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गईं। सीएम ने अपने सबसे छोटे भाई महेंद्र मोहन बिष्ट के साथ मां को मुखाग्नि दी। हरिद्वार के चंडी घाट पर योगी ने मां की चिता सजाई। पैर छूकर विदाई दी। योगी अंतिम यात्रा के दौरान रो पड़े। घर से मां की अर्थी को कंधा देकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। बार-बार रुमाल से आंसू पोछते रहे। योगी मां के पार्थिव शरीर के साथ ही पौड़ी के पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार पहुंचे। उत्तराखड़ के सीएम पुष्कर सिंह धामी, यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केशव मौर्य, मंत्री संजय निषाद समेत 50 से ज्यादा VIP घाट पर मौजूद रहे। बाबा रामदेव और चिदानंद समेत 13 अखाड़ों के आचार्य और महंतों ने मंत्र पढ़े। योगी ने मां के अंतिम संस्कार की तस्वीरें ‘X’ पर पोस्ट की। लिखा- अंतिम प्रणाम मां…। उन्होंने महाभारत का श्लोक भी लिखा, जिसका अर्थ है- ‘मां जैसी कोई छाया नहीं। कोई आश्रय नहीं। कोई प्रेम नहीं। कोई सुरक्षा नहीं। कोई जीवनदाता नहीं।’ योगी शाम को लखनऊ आ जाएंगे। यहां पीएम मोदी के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। योगी की मां ने शुक्रवार सुबह 10:45 बजे घर पर अंतिम सांस ली। वे 91 साल की थीं। योगी रात भर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। उन्होंने अन्न-जल ग्रहण नहीं किया। अंतिम संस्कार की 5 तस्वीरें- योगी की मां के निधन से जुड़ी खबरें
योगी ने भाई के साथ मां को मुखाग्नि दी:चिता सजाई, पैर छूकर विदाई दी; लिखा- अंतिम प्रणाम मां..
