प्रयागराज में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। सफारी कार ने 70 की स्पीड से 4 बाइकों में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि महिला समेत 3 लोग घायल हैं। हादसे के बाद ड्राइवर कार लेकर भाग निकला। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में घायलों को काल्विन अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दो बाइकें पूरी तरह टूटकर बिखर गईं। मृतक की पहचान मुंडेरा निवासी रोहित कुशवाहा (36) के रूप में हुई है। घायलों में विद्याभूषण (36) निवासी करछना, संजय अग्रहरि (52) निवासी हिम्मतगंज और मंजू (40) पत्नी सुनील कुमार निवासी कर्बला शामिल हैं। मंजू के सिर में चोट थी, उन्हें काल्विन हॉस्पिटल में इलाज बाद घर भेज दिया गया। एक अन्य घायल विद्याभूषण को भी इलाज के बाद घर भेज दिया गया। संजय एडमिट हैं।
2 तस्वीरें देखिए- कार की नंबर प्लेट टूटकर गिर गई
चौफटका पुल पर डिवाइडर नहीं है, जिससे दोनों दिशाओं से वाहन आ-जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे कर्बला की ओर से तेज रफ्तार कार धूमनगंज की तरफ जा रही थी। पुल पर सामने से आ रहे बाइक सवारों को कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद कार की रफ्तार और बढ़ गई। वह मौके से फरार हो गई। हादसे में कार की नंबर प्लेट टूटकर पुल पर गिर गई। कार नंबर DL2CAT4369 है। इसके आधार पर पुलिस ड्राइवर की तलाश कर रही है। रोहित DJ और साउंड का काम करता था
हादसे में बाइक सवार रोहित कुशवाहा के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई है। इसके अलावा उसके हाथ और पैर में भी चोट के निशान हैं। उनकी मौत हो गई। रोहित DJ और साउंड का कारोबार करता था। रेलवे में वेंडिंग मशीन टिकट का ठेका भी लिया था। इनके पिता रवि प्रकाश रेलवे से रिटायर हैं। रोहित दो भाइयों में छोटा था। घायल बोले- टक्कर लगते ही बेहोश हो गया
घायल संजय कोटे की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया- मैं सुबह 10 और 12 साल की दो बेटियों को स्कूल छोड़ने गया। स्कूल छोड़कर लौट रहा था तो पुल पर सामने से अचानक तेज रफ्तार कार आई। कई बाइक वालों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मैं बेहोश हो गया। होश आया तो हॉस्पिटल में था। हाथ-पैर और सिर में चोट आई है। दाहिना पैर फैक्चर हो गया है। सफारी कार दिल्ली के तलवंत सिंह के नाम रजिस्टर्ड है पुलिस के मुताबिक, जिस कार से यह हादसा हुआ, वह सफारी स्टॉर्म है। यह कार तलवंत सिंह पुत्र दरबारी सिंह निवासी चितरंजन पार्क, दिल्ली के नाम पर रजिस्टर्ड है। RTO के दस्तावेजों में जो मोबाइल नंबर दर्ज है, फिलहाल उस पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। ACP सिविल लाइंस विद्युत गोयल ने बताया- चौफटका ओवरब्रिज पर जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां पर सीसीटीवी नहीं हैं। लेकिन, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि आरोपी ड्राइवर कार लेकर धूमनगंज की ओर भागा है। ऐसे में प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर धूमनगंज में लगे सर्विलांस कैमरों के फुटेज खंगालने के लिए टीम लगा दी गई है। ———————– 10 दिन पहले ऐसे ही हादसे की एक और खबर पढ़िए- जगुआर से 6 को रौंदने वाला करोड़पति कारोबारी का बेटा: प्रयागराज पुलिस ने ड्राइविंग सीट से पकड़ा, 24 घंटे बाद नामजद FIR प्रयागराज में दिवाली मार्केट में जगुआर कार से 6 को कुचलने वाला शख्स रचित मध्यान नामी कारोबारी का बेटा और जानेमाने डॉक्टर का दामाद निकला। चौंकाने वाली बात यह है कि धूमनगंज थाना पुलिस ने देर रात मृतक प्रदीप पटेल के भाई दिलीप की तहरीर पर कार नंबर UP70 DQ 0070 के अज्ञात चालक के खिलाफ FIR दर्ज की। जबकि, पुलिस ने ही रचित को ड्राइविंग सीट से उठाकर एम्बुलेंस से हॉस्पिटल भेजा था। पढ़ें पूरी खबर…
