कानपुर में तेंदुए के अटैक का VIDEO:खेत में घुसते ही झपट्टा मारा, 9 जख्मी; जान बचाकर भागे लोग

कानपुर में तेंदुए ने खेतों में काम कर रहे लोगों पर हमला कर दिया। इसमें 9 लोग घायल हो गए। तेंदुए को घेरने के लिए पहले करीब 12 लोग खेत में पहुंचे। बाद में 50 और लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। इसी दौरान तेंदुए ने गांववालों पर झपट्‌टा मार दिया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए की तलाश में कॉम्बिंग की जा रही है। घटना महाराजपुर थाना क्षेत्र के करनखेड़ा गांव की मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है। 2 तस्वीरें देखिए…. तेंदुए ने घेरने पहुंचे गांववालों पर हमला किया किशनलाल ने बताया- मंगलवार सुबह 11 से 12 बजे के बीच खेतों में तेंदुआ दिखाई दिया। शोर मचने पर रामसजीवन के गेंदा के फूलों के खेत में लोग इकट्‌ठे हो गए। करीब 12 लोगों ने तेंदुए को चारों तरफ से घेर लिया। इसी दौरान उसने अचानक हमला कर दिया। यह पता चलते ही करीब 50 गांववाले खेत में पहुंच गए। लाठी-डंडे लेकर तेंदुए को घेरने लगे। इस दौरान तेंदुए ने सबसे पहले रामकेश पर हमला किया। इसके बाद उसने कई अन्य लोगों को भी घायल कर दिया। इससे भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे। वहीं, मदारपुर के रहने वाले मोहित शर्मा ने बताया कि वह खेत में गोभी काट रहे थे। इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। दोस्त को बचाने पहुंचे ग्रामीण पर भी किया हमला घायल रवि निषाद ने बताया- मैं खेत में गेंदा के फूल तोड़ने गया था। इसी दौरान तेंदुए ने मेरे एक दोस्त पर हमला कर दिया। उसकी चीख सुनकर मैं बचाने पहुंचा, तो तेंदुए ने मुझ पर भी हमला कर दिया। मैं किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा। तेंदुए ने उनके अलावा 5-6 अन्य लोगों को भी काटकर घायल किया है। 9 लोग घायल, अस्पताल में भर्ती घायलों में हरिराम निषाद (40), रामकेश निषाद (18), बुद्धि निषाद (50), मोहित विश्वकर्मा (18) और साहिल शामिल हैं। इनके अलावा 4 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। साहिल सिखटिया का रहने वाला है और अपनी मौसी के घर करनखेड़ा आया था। उसे गंभीर चोटें आई हैं। घरवालों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना पर शेखपुर चौकी इंचार्ज अनुज पटेल और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और वन विभाग की टीम ग्रामीणों के साथ तेंदुए की तलाश में कॉम्बिंग कर रही है। गांववालों से घरों में रहने को कहा प्रशासन ने गांववालों से अपील की है कि वे परिवार और बच्चों के साथ घरों में रहें। अकेले खेतों की ओर न जाएं और समूह बनाकर ही खेतों में काम करें। वन विभाग के भूपेंद्र सिंह ने बताया कि करनखेड़ा गांव नदी किनारे बसा है। आसपास जंगल भी है। ऐसे में जंगली जानवर जंगल से निकलकर गांव में आ सकता है। वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर जानवर को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *