संवाददाता, आनन्द दीक्षित
बीघापुर (उन्नाव)। हिंदी साहित्य के महाकवि पंडित सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की 129वीं जयंती के अवसर पर उनकी पैतृक एवं कर्मस्थली गढ़ाकोला में श्रद्धा, सम्मान और साहित्यिक वातावरण के बीच विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों व समाजसेवियों ने पहुंचकर महाकवि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आशुतोष शुक्ला ने कहा कि निराला जी ने बैसवारा की माटी का नाम देश-विदेश तक रोशन किया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं साहित्यकार के पुत्र हैं और गढ़ाकोला को भव्य व विकसित स्वरूप देने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल ने निराला को युगपुरुष बताते हुए कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व युगों में ही जन्म लेते हैं। वहीं जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि निराला जी ने रूढ़िवादिता पर प्रहार कर समाज को नई दिशा दी। वे न केवल जनपद बल्कि पूरे राष्ट्र का गौरव हैं। उन्होंने बैसवारा की साहित्यिक परंपरा को समृद्ध बताते हुए स्मृतियों को संजोने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
निराला के पैतृक आवास पर स्थापित प्रतिमा पर विधायक आशुतोष शुक्ला, शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल सहित अन्य अतिथियों ने माल्यार्पण किया। आगंतुकों का स्वागत निराला के वंशज राजकुमार निराला ने किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कवि अनुज तिवारी ने किया तथा आयोजन डॉ. प्रेम शंकर लोदी व डॉ. गंगाधर पटेल के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ब्लॉक प्रमुख पुरवा सतीश चौधरी, एसडीएम रणवीर सिंह, शिक्षाविद व पत्रकार अरुण कुमार दीक्षित, विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष संजय शुक्ला, निशु शुक्ला, डॉ. शिवपाल लोधी, शिक्षक नेता देव स्वरूप त्रिवेदी, प्रधानाचार्य निखिल त्रिवेदी, डॉ. विनय पटेल, कवि रामविलास सिंह, विनोद लोधी, सूर्यप्रकाश मिश्रा, लाला बाजपेई, समिति उपाध्यक्ष गोविंद नारायण शुक्ला, सुभाष बाजपेई सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसी क्रम में महाप्राण निराला महाविद्यालय परिसर स्थित ‘निराला निलयम’ में स्थापित आदमकद प्रतिमा पर प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह, उपप्राचार्य डी.एस. त्रिवेदी सहित समस्त स्टाफ ने माल्यार्पण कर महाकवि के व्यक्तित्व व कृतित्व को स्मरण किया। वहीं कमलापति इंटर कॉलेज में भी प्रधानाचार्य राजेंद्र दीक्षित, अध्यक्ष ए.सी. बाजपेई व कुलदीप अग्निहोत्री की उपस्थिति में निराला जयंती कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
