मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:भारत आ रहे जहाज को ईरान ने रोका; मोदी को आतंकी कहने पर खड़गे को नोटिस; मिर्जापुर में बोलेरो में आग लगी, 11 की मौत

नमस्कार, ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से भारत आ रहे एक जहाज को रोककर कब्जे में ले लिया है। उधर, PM मोदी को आतंकी कहने पर चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को नोटिस जारी किया है। मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में बताएंगे कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर लड़ाकू विमानों का एयर शो कैसा रहा। ⏰ आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… 📰 कल की बड़ी खबरें… 1. होर्मुज से भारत आ रहे जहाज को ईरान ने रोका, इस्लामिक गार्ड ने कब्जे में लिया ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में भारत आ रहे एक जहाज को रोककर कब्जे में ले लिया है। ईरान ने आरोप लगाया है कि जहाज बिना इजाजत होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहा था। लाइबेरिया के फ्लैग वाला एपामिनोडेस नाम का यह कंटेनर शिप गुजरात के मुंद्रा पोर्ट की ओर जा रहा था। ईरान ने कई और जहाजों को भी कब्जे में लिया: ईरानी नौसेना के मुताबिक, जहाज के नेविगेशन सिस्टम में छेड़छाड़ की गई थी, जिससे समुद्री सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ। इसके अलावा इजराइल से जुड़े फ्रांसेस्का नाम के दूसरे जहाज को भी कब्जे में लिया गया है। इसके अलावा यूफोरिया नाम के जहाज पर हमला भी किया गया है। राजस्थान के मर्चेंट नेवी ऑफिसर फंसे: भारत आ रहे जहाज में राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रहने वाले मर्चेंट नेवी में वाइस कैप्टन संजय माहर मौजूद थे। संजय समेत कुल 21 क्रू अभी ईरान में फंस गए हैं। पूरी खबर पढ़ें… 2. मोदी को आतंकी कहने पर खड़गे को EC का नोटिस, कांग्रेस अध्यक्ष ने बयान पर सफाई भी दी थी चुनाव आयोग (EC) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। भाजपा ने पीएम मोदी को आतंकी कहने के मामले में चुनाव आयोग से खड़गे की शिकायत की थी। दरअसल, खड़गे ने मंगलवार को चेन्नई में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी को आतंकी कहा था। हालांकि, बाद में उन्होंने बयान पर सफाई देते हुए कहा था कि PM मोदी लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं। मेरा मतलब है कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं। शाह बोले-राहुल के साथ रहकर भाषा बिगड़ी: गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में एक रैली में कहा कि आतंकवाद को खत्म करने वाले नरेंद्र मोदी को खड़गे आतंकवादी कह रहे हैं। राहुल गांधी के साथ रहकर खड़गे की भाषा बिगड़ने लगी है, लेकिन मोदी को जितनी गालियां दोगे, कमल उतना ही ज्यादा खिलेगा। पूरी खबर पढ़ें… 3. सुप्रीम कोर्ट बोला- I-PAC जांच में ममता का दखल लोकतंत्र को खतरा, कोई CM ऐसा करेगा, सोचा नहीं था I-PAC रेड मामले में ED की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के बीच CM ममता बनर्जी के दखल को गलत ठहराया। कोर्ट ने कहा कि किसी भी राज्य का सीएम ऐसा करता है तो यह लोकतंत्र को खतरे में डालना है। जस्टिस कुमार ने कहा- यह राज्य और केंद्र के बीच का विवाद नहीं है। कोर्ट ने आगे कहा;- यह राज्य-केंद्र का विवाद नहीं है। हमने कभी नहीं सोचा था कि इस देश में ऐसा भी दिन आएगा जब कोई मौजूदा CM उस दफ्तर में चली जाएंगी जहां कोई जांच एजेंसी काम कर रही हो। पूरा मामला पढ़िए: इसी साल 8 जनवरी को ED की टीम ने I-PAC हेड प्रतीक जैन के कोलकाता स्थित घर और दफ्तर पर छापा मारा था। प्रतीक जैन ही ममता बनर्जी के लिए पॉलिटिकल स्ट्रैटजी तैयार करते हैं। छापेमारी के बीच ममता प्रतीक के घर पहुंच गईं थीं और कुछ दस्तावेज लेकर चली गईं। पूरी खबर पढ़ें… 4. पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर उतरे लड़ाकू विमान, जगुआर-मिराज ने भी टेकऑफ और लैंडिंग की यूपी के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर लड़ाकू विमानों का एयर शो हुआ। करीब 3 घंटे चले एयर शो में एक्सप्रेस-वे पर बने रनवे पर सुखोई और मिराज फाइटर जेट्स ने टेकऑफ और लैंडिंग की। M17 हेलीकॉप्टर से कमांडोज ने सैन्य ऑपरेशन की मॉक ड्रिल की। M32 भीष्म एयर क्राफ्ट ने भी एयर स्ट्रिप पर ‘टच एंड गो’ का अभ्यास किया। चार साल पहले PM मोदी का प्लेन लैंड हुआ था: 16 नवंबर 2021 को PM मोदी ने सुल्तानपुर से ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का इनॉगरेशन किया था। PM मोदी एयरफोर्स के हरक्युलिस जहाज से एयर स्ट्रिप पर उतरे थे। लखनऊ से गाजीपुर तक बने 341 किमी लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की लागत 22,494.66 करोड़ रुपए है। पूरी खबर पढ़ें… 5. गाजीपुर में सपा नेताओं-ग्रामीणों में पत्थरबाजी, पूर्व मंत्री का सिर फूटा गाजीपुर में सपा प्रतिनिधिमंडल और गांववालों के बीच बुधवार को जमकर पत्थर चले। इसमें पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा के सिर फट गया। गंभीर चोट लगने के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। 16 साल की लड़की की लाश मिली थी: दरअसल, 15 अप्रैल को 16 साल की लड़की निशा विश्वकर्मा का शव जमानिया पुल के पास नदी में मिला था। पुलिस जांच में यह मामला हत्या का निकला। इसके बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे सपा नेता: सपा का प्रतिनिधिमंडल एक पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा था, लेकिन गांववालों ने उन्हें गांव के बाहर रोक दिया। इसी दौरान झगड़े के बाद पत्थरबाजी हुई। निशा की मौत के बाद से ही गांव में तनाव का माहौल था। सपा का प्रतिनिधिमंडल लड़की के पीड़ित परिवार से मिलने कटरिया गांव पहुंचा था। पूरी खबर पढ़ें… 6. मिर्जापुर में ट्रक-बोलेरो की टक्कर, 11 की मौत, 9 जिंदा जले; मैहर देवी के दर्शन करके लौट रहे थे यूपी के मिर्जापुर में बुधवार रात सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। मध्य प्रदेश से गिट्‌टी लादकर आ रहा ट्राला ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गया। ट्राले ने पहले स्विफ्ट कार को टक्कर मारी, फिर एक ट्रक से जा टकराया। कार, ट्राले और ट्रक के बीच फंस गई। इस दौरान पीछ से आ रही बोलेरो ट्रेलर में जा घुसी। बोलेरो में तेज धमाके के साथ आग लग गई। ड्राइवर समेत नौ लोग जिंदा जल गए। सभी मृतक आपस में रिश्तेदार थे। इनके अलावा स्विफ्ट कार का ड्राइवर और ट्रक के क्लीनर की भी मौत हो गई। हादसा ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में हुआ। परिवार मैहर से बेटे का मुंडन कराकर लौट रहा था: एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया- बोलेरो सवार सभी लोग जिगना थाना के नरैना गांव के रहने वाले थे। परिवार मैहर से बेटे का मुंडन कराकर लौट रहा था। हादसे में 8 साल के बच्चे और उसकी मां की भी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल ट्रक क्लीनर को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें… 7. छत्तीसगढ़ में पारा 43°C, रेलवे स्टेशन पर पानी की फुहार; ताजमहल देखने पहुंचे पर्यटक बेहोश राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और बंगाल पिछले 5 दिन से पारा 40°C से 45°C के बीच बना है। कई जगह हीटवेव का अलर्ट है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तापमान 43.8°C होने के बाद रेलवे प्लेटफॉर्म पर पानी की फुहारें छोड़ी जा रही हैं। यूपी के 30 जिलों में लू का अलर्ट है। आगरा में ताजमहल पहुंचे 6 पर्यटकों की तबीयत बिगड़ गई। प्रयागराज में पारा 44°C के ऊपर है। राजस्थान में पर्यटकों की संख्या घटी: राजस्थान के उदयपुर, जयपुर में पर्यटकों की संख्या घट गई है। मध्य प्रदेश के भोपाल समेत 9 जिलों में पहली बार ‘वार्म नाइट’ की चेतावनी दी है। यहां रात का तापमान 27°C से ज्यादा रहेगा और रात में भी लू चलेगी। इधर, दिल्ली में पारा इस हफ्ते 45°C पार जा सकता है। कल देश के ज्यादातर हिस्सों में हीटवेव थी पूरी खबर पढ़ें… 🎭 आज का कार्टून ⚡ कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… 🗣️ बयान जो चर्चा में है… 😲 खबर हटके… तोते को पेड़ से उतारने पहुंची फायर ब्रिगेड छत्तीसगढ़ में एक पालतू तोते को पेड़ से उतारने के लिए उसके मालिक ने फायर ब्रिगेड बुला ली। पाइप से लगातार पानी डाला गया, तब जाकर तोता नीचे आया। इस दौरान हजारों लीटर पानी बह गया। लोगों ने आपातकालीन सेवाओं केा इस तरह इस्तेमाल करने पर सवाल उठाए हैं। पूरी खबर पढ़ें… 📸 फोटो जो खुद में खबर है 🌟 भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… 🌍 करेंट अफेयर्स ⏳आज के दिन का इतिहास 📊 बाजार का हाल 🌦️ मौसम का मिजाज वृष राशि वालों के रुके कामों में गति आएगी और आत्मविश्वास बढ़ेगा। मिथुन राशि वालों को उधार दिया पैसा मिल सकता है। जानिए आज का राशिफल… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *