मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:बंगाल में अभिषेक बनर्जी से मारपीट; डीके शिवकुमार कर्नाटक के नए CM बनेंगे; यूपी में पैरा एथलीट को साथी खिलाड़ी ने मार डाला

नमस्कार, पश्चिम बंगाल में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी से मारपीट हुई। उधर, कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार होंगे। मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में आगे राजस्थान के 5 जिलों में आए रेतीले बवंडर के बारे में भी बताएंगे… ⏰ आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… 📰 कल की बड़ी खबरें… 1. बंगाल में अभिषेक बनर्जी से मारपीट, अंडे फेंके, शर्ट फाड़ी, चोर-चोर के नारे लगाए पश्चिम बंगाल के सोनारपुर दक्षिण में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी से मारपीट हुई। वे यहां चुनावी हिंसा के पीड़ित पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और नारेबाजी करते हुए उनके साथ मारपीट कर दी। लोगों ने उन पर पत्थर, जूते और अंडे फेंके, उनकी शर्ट फाड़ दी। अभिषेक को हेलमेट पहनाकर वहां से निकाला गया। अभिषेक ने कहा;- हमले की साजिश पहले से रची गई थी। इलाके में पुलिस नहीं थी। हेलमेट की वजह से मेरी जान बची। हम ऐसे हमलों से डरने वाले नहीं हैं। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। मैं पीड़ित परिवार को नहीं छोड़ूंगा, नहीं तो लोग उन्हें भी मार सकते हैं। सोनारपुर में चुनाव के बाद हिंसा हुई थी: दक्षिण 24 परगना का सोनारपुर राजनीतिक रूप से संवेदनशील इलाका माना जाता है। यहां TMC और BJP के बीच लंबे समय से टक्कर रही है। विधानसभा चुनाव के बाद मई में हुई हिंसा में यहां एक TMC कार्यकर्ता की मौत हो गई थी। पूरी खबर पढ़ें… 2. इंटरनेशनल पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या, गाजियाबाद में साथी खिलाड़ी ने मारी गोली इंटरनेशनल भारतीय पैरा खिलाड़ी चिराग त्यागी की शनिवार को गाजियाबाद में हत्या कर दी गई। हत्या चिराग के साथी खिलाड़ी यश खटिक ने ही की। वारदात के समय चिराग बेंगलुरु में हुई इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स इंटरनेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड जीतकर घर लौट रहे थे। इस जीत के साथ उन्होंने एशियन पैरा गेम्स में क्वालिफाई किया था। पीठ पर मिला गोली का निशान: चिराग का शव हिंडन क्षेत्र में साईं उपवन में मिला। उनकी पीठ पर गोली का निशान था। चिराग त्यागी गाजियाबाद के रहने वाले थे। वह 100 और 400 मीटर दौड़ में भाग लेते थे। चिराग ने नेशनल और इंटरनेशनल मंचों पर शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया। सीसीटीवी से पकड़ा गया साथी खिलाड़ी: एसीपी उपासना पांडेय ने चिराग की प्रेमिका, कोच और परिजनों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने यश खटिक हिरासत में ले लिया। उसने पूछताछ में हत्या करने की बात कबूल कर ली। पूरी खबर पढ़ें… 3. राजीव कृष्ण ही होंगे यूपी के परमानेंट DGP, 4 साल इंतजार के बाद नाम फाइनल यूपी को 4 साल के इंतजार के बाद परमानेंट (स्थाई) पुलिस महानिदेशक (DGP) मिलने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा कार्यवाहक डीजीपी राजीव कृष्ण ही यूपी के नए परमानेंट डीजीपी होंगे। राज्य सरकार जल्द ही इसका आदेश जारी कर सकती है। कम से कम 2 साल डीजीपी रहेंगे राजीव कृष्ण: UPSC की गाइडलाइन और सुप्रीम कोर्ट के नियमों के मुताबिक, वह कम से कम 2 साल तक यूपी के DGP रहेंगे। राजीव कृष्ण 1 जून, 2025 से कार्यवाहक डीजीपी की कमान संभाल रहे हैं। रेणुका मिश्रा, पीयूष आनंद को पीछे छोड़ा: यूपी सरकार ने परमानेंट DGP को लेकर संघ लोकसेवा आयोग (UPSC) को 19 IPS के नाम भेजे थे। इसे लेकर 26 मई को दिल्ली में आयोग की हाईलेवल बैठक हुई। इसमें रेणुका मिश्रा, पीयूष आनंद और राजीव कृष्ण का नाम फाइनल किया गया। इसके बाद आयोग ने तीनों के नाम यूपी सरकार को भेजे थे। पूरी खबर पढ़ें… 4. यूपी में 10% महंगी हुई बिजली, जून से 100 रुपए का बिल अब 110 आएगा यूपी में बिजली संकट के बीच अब उपभोक्ताओं को बढ़े बिल का झटका लगने वाला है। अगले महीने (जून) से बिजली महंगी होने जा रही है। यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने 10% फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (FPPAS) लगाने का आदेश जारी किया है। उपभोक्ता परिषद ने आदेश रोकने की मांग की: सीधा मतलब है कि उपभोक्ताओं को 10 प्रतिशत ज्यादा बिल चुकाना होगा। अगर किसी का बिजली बिल 100 रुपए आता है, तो उसे 110 रुपए चुकाने होंगे। वहीं, उपभोक्ता परिषद ने इस पर नाराजगी जताई है। आदेश पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। बिजली खरीद की लागत पर लगाया सरचार्ज: बिजली विभाग के मुताबिक, बिजली बनाने और इसकी खरीद में आने वाली अतिरिक्त लागत की वजह से फ्यूल सरचार्ज लगाया गया है। जिससे इसकी भरपाई की जा सके। मिडिल ईस्ट संकट के बीच फ्यूल की कीमतें आसमान छू रही हैं। पेट्रोल-डीजल समेत अन्य चीजें के दामों में बढ़ोतरी की गई है। पूरी खबर पढ़ें… 5. डीके शिवकुमार कर्नाटक के 24वें CM होंगे, राज्य को 4 डिप्टी सीएम भी मिलेंगे कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार राज्य के 24वें मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी मिली। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि 3 जून को शपथ ग्रहण होगा। राज्य को 4 डिप्टी सीएम मिल सकते हैं: सूत्रों के अनुसार, CM के साथ-साथ कैबिनेट भी बदलेगी। मौजूदा कैबिनेट से 10 मंत्री हटाए जा सकते हैं। इसमें सिद्धारमैया और मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे भी शामिल होंगे। 4 डिप्टी CM भी बनाए जा सकते हैं। सिद्धारमैया रोटेशनल फॉर्मूले से CM बने थे: कर्नाटक विधानसभा के रिजल्ट 13 मई 2023 को आए थे। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दोनों CM पद पर अड़े रहे, इसलिए फैसला होने में 7 दिन लगे। इस बीच खबरें आईं कि दोनों के बीच ‘ढाई-ढाई साल के सीएम’ फॉर्मूले पर सहमति बनी। इसके बाद 20 मई 2023 को सिद्धारमैया ने CM पद की शपथ ली। लेकिन 3 साल बाद 28 मई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, कांग्रेस ने कभी भी रोटेशनल फॉर्मूले को लेकर आधिकारिक बयान नहीं दिया। पूरी खबर पढ़ें… 6. विनेश फोगाट एशियन गेम्स ट्रायल में हारीं, बोलीं- पूरे सिस्टम से लड़ी, वापसी करूंगी ओलिंपियन रेसलर विनेश फोगाट एशियन गेम्स ट्रायल का सेमीफाइनल मैच हार गईं। 53 किलो कैटेगरी में लगातार दो बाउट जीतने के बाद उन्हें जींद की मीनाक्षी गोयत ने हराया। विनेश अब एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। हार के बाद विनेश ने कहा, ‘मैं पूरे सिस्टम के खिलाफ लड़ रही थी। एक तरफ मैं थी और दूसरी तरफ सभी लोग थे। मैं फिर वापसी करूंगी।’ बैन के बाद सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल की मंजूरी दी थी: रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) ने एंटी-डोपिंग नियमों का हवाला देते हुए विनेश फोगाट पर 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने पर रोक लगा दी थी। इसके खिलाफ विनेश दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचीं, जहां उन्हें राहत मिली। बाद में WFI ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की, लेकिन अदालत ने विनेश को एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति देते हुए कहा कि उन्होंने देश का नाम रोशन किया है। पूरी खबर पढ़ें… 7. दिल्ली में ISI के 8 एजेंट गिरफ्तार, धार्मिक स्थलों पर हमले की साजिश रच रहे थे दिल्ली पुलिस ने ISI, अंडरवर्ल्ड और शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पाकिस्तान में बने हथियार, ग्रेनेड और विस्फोटक बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली, मुंबई, पंजाब और चंडीगढ़ में धार्मिक स्थलों, सरकारी इमारतों और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। जांच में सामने आया कि सभी आरोपी पाकिस्तान और दुबई में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे। पाकिस्तान से पूरा मॉड्यूल जुड़ा: जांच में पता चला कि यह पूरा मॉड्यूल पाकिस्तान से चल रहा था। इसके तार मुन्ना झिंगाड़ा, शहजाद भट्टी और अन्य ISI सहयोगियों से जुड़े थे। पुलिस का दावा है कि मुन्ना झिंगाड़ा दाऊद इब्राहिम का करीबी रहा है और साल 2000 में बैंकॉक में छोटा राजन पर हुए हमले में शामिल था। इसी मुन्ना के संपर्क में दिल्ली से पकड़े गए आरोपी थे। पूरी खबर पढ़ें… 🎭 आज का कार्टून ⚡ कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… 🗣️ बयान जो चर्चा में है… 😲 खबर हटके… अलग-अलग पेपर कप इकट्ठा करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भारत के 57 साल के सुनील जोसेफ ने 858 अलग-अलग पेपर कप जमा कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना लिया। उनके कप 31 देशों से आए हैं। उन्हें बचपन से पेपर कप इकट्ठा करने का शौक है। इससे पहले 2014 में उन्होंने 5,986 फोन कार्ड के कलेक्शन का रिकॉर्ड बनाया था। अब उनका अगला लक्ष्य वेडिंग कार्ड जमा करके मौजूदा विश्व रिकॉर्ड को तोड़ना है। 📸 फोटो जो खुद में खबर है 🌟 भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… ⏳आज के दिन का इतिहास 🌦️ मौसम का मिजाज कर्क राशि वालों को रुका पैसा मिल सकता है। बिजनेस के लिहाज से भी अनुकूल दिन है। जानिए आज का राशिफल… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *