यूपी के चित्रकूट में बॉयफ्रेंड को बंधक बनाकर NEET छात्रा के साथ तीन युवकों ने गैंगरेप किया। पुलिस के मुताबिक, 20 साल की छात्रा बॉयफ्रेंड के साथ पहाड़ी पर बैठी थी, तभी आरोपी पहुंचे। खुद को वनकर्मी बताकर उन्हें धमकाया। बॉयफ्रेंड को बेल्ट से पीटा और उसके हाथ-पैर गमछे से बांध दिए। तीनों छात्रा को घसीटते हुए झाड़ियों में ले गए। दरिंदगी की। वारदात के बाद तीनों फरार हो गए। बॉयफ्रेंड ने खुद के हाथ-पैर खोले और छात्रा के पास पहुंचा। वह बदहवास थी। बॉयफ्रेंड ने ही फोन करके पुलिस को जानकारी दी। वारदात बुधवार दोपहर 3 बजे देवांगना घाटी जंगल की है। जिला मुख्यालय से दूरी 12 किमी है। छात्रा चित्रकूट से सटे मध्य प्रदेश के सतना की रहने वाली है। वह राजस्थान के कोटा में रहकर NEET की तैयारी करती है। उसका बॉयफ्रेंड (17) चित्रकूट का ही रहने वाला है। 12वीं में पढ़ता है। छात्रा दोपहर को चित्रकूट घूमने आई थी। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। एक CCTV में तीनों आरोपी बाइक से जाते दिख रहे हैं। शक के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। गुरुवार दोपहर 2 बजे एडीजी जोन ज्योति नारायण प्रयागराज से चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अफसर से अब तक हुई जांच के बारे में पूछा। नाबालिग बॉयफ्रेंड को धमकाया, चिल्लाए तो पहाड़ी से फेंक देंगे बॉयफ्रेंड ने पुलिस को पूछताछ में बताया- 2 साल पहले सोशल मीडिया पर उसकी लड़की से दोस्ती हुई थी। कुछ दिन पहले छात्रा छुट्टी पर घर आई थी। मैंने घूमने के लिए चित्रकूट बुलाया था। बुधवार दोपहर चित्रकूट पहुंची। दोपहर एक बजे बाइक से हम दोनों देवांगना घाटी पहुंचे। घाटी की पहाड़ी पर बैठकर रील बना रहे थे। दोपहर 3 बजे तीन युवक बाइक से पहुंचे। उन्होंने अचानक बाइक रोक ली। पूछताछ करने लगे। गर्लफ्रेंड को बैड टच करने लगे। मैंने विरोध किया तो बेल्ट से पीटा। एक ने मुझे पकड़ लिया। गमछे से हाथ-पैर बांध दिए। बाकी दोनों गर्लफ्रेंड को धमकाने लगे। कहने लगे कि शोर मचाया तो पहाड़ी से नीचे फेंक देंगे। फिर जबरन गर्लफ्रेंड को झाड़ियों में ले गए। उसके साथ दरिंदगी की। थोड़ी देर बाद मुझे बंधक बनाकर खड़ा आरोपी भी झाड़ियों में चला गया। गर्लफ्रेंड से रेप किया। गर्लफ्रेंड चिल्लाती रही। रहम की भीख मांग रही थी। लेकिन आरोपी ने उसे नहीं छोड़ा। मैं जमीन पर पड़ा उसकी चीखें सुन रहा था। खुद को छुड़ाने के लिए छटपटा रही थी। किसी तरह मैंने अपने हाथ खोले। गर्लफ्रेंड के पास भागकर पहुंचा। तब तक आरोपी भाग चुके थे। मैंने मोबाइल से डायल-112 पर कॉल किया। नेटवर्क न होने के कारण कॉल नहीं लगी। पहाड़ी से कुछ नीचे उतरा तो मोबाइल में नेटवर्क आया। फिर से कॉल कर पुलिस बुलाई। शाम 4.45 बजे पुलिस पहुंची और हम दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि दोनों के पिता प्राइवेट जॉब करते हैं। दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया- देवांगना घाटी में दुष्कर्म की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई। लड़के को प्राइमरी इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। छात्रा का मेडिकल कराया जा रहा है। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया- छात्रा ने पुलिस को दिए अपने बयान में गैंगरेप की बात कही है। बॉयफ्रेंड नाबालिग है। इसलिए उसका भी मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए मौके के आसपास CCTV और राहगीरों की मदद ली जा रही है। दो टीमें बनाई गई हैं। सपा विधायक ने दी घेराव की चेतावनी सपा के सदर विधायक अनिल प्रधान ने प्रदेश सरकार और पुलिस-प्रशासन पर हमला बोला है। सोशल मीडिया पर जारी बयान में उन्होंने कहा- जहां यह घटना हुई, वहां से प्रस्तावित देवांगना हवाई अड्डे की सीमा सिर्फ 500 मीटर, कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय सिर्फ 3 किमी. दूर है। इसके बावजूद दिनदहाड़े इस तरह की वारदात होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो सपा कार्यकर्ताओं के साथ एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। ———————– ये खबर भी पढ़िए- सपा के 46 उम्मीदवार लगभग तय, लिस्ट देखिए:पूर्वांचल के चेहरे सबसे ज्यादा; 5 हजार वोट से हारी सीटों पर कैंडिडेट रिपीट होंगे सपा ने विधानसभा चुनाव के लिए 46 सीटों पर कैंडिडेट्स लगभग फाइनल कर दिए हैं। इस लिस्ट में पूर्वांचल की 17 सीटें हैं। पश्चिम की 15 और मध्य यूपी की 14 सीटों पर उम्मीदवार शामिल किए गए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, आधिकारिक लिस्ट सितंबर तक जारी की जाएगी। 2022 में सपा जिन 27 सीटों पर 5 हजार से कम वोट मार्जिन से हार गई थी, उनके प्रत्याशियों को अखिलेश यादव दोबारा मैदान पर उतार सकते हैं। इन सीटों पर 2027 चुनाव में सपा को जीत की उम्मीद है। पूरी खबर पढ़िए…
बॉयफ्रेंड को बंधक बनाकर NEET छात्रा से गैंगरेप:चित्रकूट घूमने आए थे; पहाड़ी पर तीन युवकों ने वनकर्मी बताकर धमकाया, दरिंदगी की
