यूपी में शनिवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के समर्थन में प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर और मेरठ समेत कई शहरों में प्रदर्शन हुए। प्रयागराज में भारी बारिश के बीच 10 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए और जमकर नारेबाजी की। हाथों में संविधान की किताब लेकर पहुंचे छात्र केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े थे। कुछ छात्र बारिश में डांस कर रहे थे, तो कुछ ताली-थाली बजा रहे थे। इस बीच कई जगहों पर भीड़ बेकाबू हो गई। सांसद लिखी एक फॉर्च्यूनर कार को पलट दिया। एक स्कॉर्पियो के शीशे फोड़ डाले। इसी दौरान जब धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर आई, तो छात्र जश्न मनाने लगे। टी-शर्ट हवा में लहराते हुए झूम उठे। छात्राओं ने इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर फाड़ते हुए कहा- यह युवाओं की बड़ी जीत है। लखनऊ के इको गार्डन में छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को टॉफी बांटकर खुशी मनाई। कहा कि अब तो दावत होगी! इससे पहले, प्रयागराज में सुबह 10 बजे से ही छात्र सिविल लाइंस के पत्थर गिरजाघर चौराहे पर जुटने शुरू हो गए थे। देखते ही देखते 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं की भीड़ जुट गई। छात्र डीएम ऑफिस की ओर मार्च निकालने की तैयारी में थे। सुरक्षा के लिहाज से पूरे रूट पर 2,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। प्रयागराज में छात्रों के प्रदर्शन की तस्वीरें… यूपी में प्रदर्शन से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
प्रयागराज में 10,000 छात्र सड़क पर, सांसद लिखी फॉर्च्यूनर पलटी:कॉकरोच पार्टी के समर्थन में तेज बारिश के बीच प्रदर्शन; डांस किया, ताली-थाली बजाई
