क्राइम संवाददाता आशू सोनी
उन्नाव। बांगरमऊ कार्यालय में मोबाइल द्वारा वीडियो बनाने से गुस्साए कर्मचारियों से हुआ विवाद कर्मचारियों का आरोप है कि विरोध करने पर एक युवक और उसके पिता ने अभद्रता करते हुए टैक्स कलेक्शन का रजिस्टर फाड़ दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आक्रोशित पालिका कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कोतवाली में तहरीर देकर दोनों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है कर्मचारियों द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार नगर के मोहल्ला कटरा निवासी जन्मेजय सिंह अपने पिता जयमान सिंह के साथ किसी कार्य से नगर पालिका कार्यालय पहुंचे थे। वहां उनकी लिपिक शर्फुद्दीन से बातचीत चल रही थी। इसी दौरान आरोप है कि जन्मेजय सिंह मोबाइल फोन से चुपके से वीडियो बनाने लगा। मौके पर मौजूद दूसरे पालिका कर्मी ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिता-पुत्र ने गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया,टैक्स कलेक्शन का रजिस्टर फाड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी। घटना से कार्यालय में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। इसके बाद नगर पालिका के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और आरोपित पिता-पुत्र के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
