यूपी में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने लगा है। शनिवार सुबह से कानपुर, प्रयागराज और मेरठ समेत 10 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। प्रयागराज में दोपहर 12 बजे तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। संगम तट पर नावें डगमगाती नजर आईं। अयोध्या और वाराणसी समेत प्रदेश के 30 शहरों में बादल छाए हुए हैं। बीच-बीच में धूप निकल रही है। मौसम विभाग (IMD) ने 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। वाराणसी और सोनभद्र समेत 9 जिलों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। उधर, पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से गंगा और यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। घाघरा और शारदा समेत 4 नदियां खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं। सोनभद्र में कनहर बांध के लबालब होने के बाद उसके 3 गेट खोल दिए गए हैं। बनबसा, गिरिजा और घाघरा बैराजों से 3.20 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद शारदा और घाघरा नदियों का पानी गांवों में घुसने लगा है। सीतापुर, पीलीभीत और लखीमपुर के रिहायशी इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। पानी के साथ बहकर आ रहे मगरमच्छ अब लोगों के घरों में घुस रहे हैं। बागपत और नोएडा में हिंडन, बदायूं में गंगा, गोंडा-बलिया में घाघरा और कुशीनगर में गंडक नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बस्ती और अयोध्या में सरयू नदी के किनारे तेजी से कटान हो रहा है, जिससे कई पेड़ नदी के तेज बहाव में समा गए हैं। प्रदेश में बिगड़ते हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने अफसरों को तुरंत ग्राउंड जीरो पर उतरने के निर्देश दिए हैं। CM ने कहा कि अधिकारी बारिश, बाढ़ और आकाशीय बिजली से प्रभावित हर व्यक्ति तक तुरंत राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। 4 तस्वीरें देखिए- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसून रेखा का दक्षिण की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर होने से अगले कल तक बारिश की गतिविधियों में कमी देखी जाएगी। मानसूनी सक्रियता फिलहाल पश्चिम-मध्य भारत की तरफ शिफ्ट हो गई है। 2 दिन बाद हालात बदलेंगे। 27 और 28 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा। प्रदेश में आज कहां-कहां बारिश के आसार, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
यूपी के 10 शहरों में बारिश, नदियां उफनाईं, बांध ओवरफ्लो:घर में घुसा मगरमच्छ, 30 शहरों में अलर्ट; योगी बोले- अफसर फील्ड में उतरें
