गौ माता सम्मान के लिए 27 जुलाई को निकलेगी भव्य यात्रा, छह लाख हस्ताक्षर सौंपे जाएंगे

अयोध्या। गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए कानून बनाए जाने की मांग को लेकर अयोध्या में चल रहे ‘गौ माता सम्मान आवाहन अभियान’ के तहत 27 जुलाई को दर्शननगर स्थित भगवान सूर्य मंदिर (सूर्यकुंड) से कलेक्ट्रेट तक भव्य यात्रा निकाली जाएगी। अभियान के अध्यक्ष नंदी बाबा नीलमणि ऋषभदेव के संयोजन में आयोजित इस यात्रा में पांच हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।अभियान के संयोजक प्रमोद पांडे ने बताया कि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मस्थली है और गौ माता का श्रीराम के जीवन से विशेष संबंध रहा है। इसी भावना के साथ गौ संरक्षण एवं सम्मान के लिए देश की संसद में कानून बनाए जाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक छह लाख हस्ताक्षर एकत्र किए जा चुके हैं, जिन्हें 27 जुलाई को यात्रा के उपरांत जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन के साथ सौंपा जाएगा।अभियान से जुड़े मंटू माझी ने बताया कि इस जनजागरण अभियान में युवाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और हस्ताक्षर अभियान में अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।उत्कर्ष मिश्रा ने बताया कि अभियान लंबे समय से संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 27 अप्रैल को 16 हजार हस्ताक्षर एसडीएम को सौंपे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो देशभर में 40 करोड़ हस्ताक्षर एकत्र कर गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए कानून बनाए जाने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।अभियान की तैयारियों में सोनू सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजकों का कहना है कि यात्रा के माध्यम से गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ सरकार तक जनभावना पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *