घर के बाहर लड़की के भाई को गोली मारी:लखीमपुर में लोगों ने चिल्लाकर कहा- ये क्या किया तो अपनी कनपटी में गोली मारकर जान दी

यूपी के लखीमपुर खीरी में शुक्रवार को एक युवक को उसके घर के बाहर गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद अपनी कनपटी पर भी गोली मारकर जान दे दी। आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। जिला अस्पताल में इलाज के बाद उसे लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान इदरीश (38) और घायल की पहचान अखिलेश (33) के रूप में हुई। दोनों के घर आमने-सामने हैं। इदरीश ने 4 दिन पहले अखिलेश की बहन को किडनैप कर लिया था। अखिलेश ने उसके खिलाफ केस दर्ज कराया था। घटना जिला मुख्यालय से 47 किमी दूर पढ़ुआ क्षेत्र के दुलही गांव की है। पड़ोसियों के मुताबिक, इदरीश और अखिलेश की बहन के बीच दोस्ती थी। उनके अफेयर की भी चर्चा थी। लड़की के परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने गुरुवार (17 सितंबर) को लड़की को बरामद कर लिया। हालांकि, पुलिस ने यह नहीं बताया कि लड़की कहां से मिली और उस समय इदरीश उसके साथ था या नहीं। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे इदरीश ने अखिलेश पर हमला कर दिया। गोली की आवाज सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे और इदरीश पर चिल्लाकर बोले कि यह क्या कर दिया? पकड़े जाने के डर से उसने तुरंत खुद को गोली मार ली। सीओ निघासन शिवम कुमार ने बताया- 16 सितंबर को युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। अब पूरी घटना सिलसिलेवार समझ लीजिए… दुलही गांव के रहने वाले अखिलेश निघासन नगर पंचायत में सफाईकर्मी हैं। पिता रामकिशन की काफी पहले मौत हो चुकी है। मां आरती और पत्नी दिव्या घर संभालती हैं। अखिलेश 3 भाई और 4 बहनों में सबसे बड़ा है। एक बहन की शादी हो चुकी है। बाकी तीनों पढ़ाई कर रही हैं। छोटा भाई राहुल भी सफाईकर्मी है। एक भाई छोटू कुछ नहीं करता। घर के सामने रहने वाला इदरीश भी 4 भाइयों में सबसे बड़ा है। पिता शहजाद और मां बौरा साथ में रहते हैं। तीनों भाई दिल्ली में काम करते हैं। 2 भाई बुद्धा (32) और हाफिज (25) मजदूरी करते हैं। एक भाई मुनव्वर (27) ऑटो चलाता है। 2 बहनों की शादी हो चुकी है। इदरीश की शादी एक साल पहले सिंगाही क्षेत्र में हुई थी। पत्नी गर्भवती है और मायके में रह रही है। गांव वालों ने बताया कि अखिलेश के इदरीश और उसके भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच तनाव था। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे अखिलेश अपने घर के बाहर बैठकर मुंह धो रहा था। तभी इदरीश अपने घर से बाहर आया। दोनों के बीच गाली-गलौज और विवाद शुरू हो गया। अचानक इदरीश अपने घर के अंदर गया और तमंचा लेकर बाहर आया। उसने अखिलेश को धमकाते हुए फायर कर दिया। गोली उसके पेट में लगी। वह जमीन पर गिर गया। गोली की आवाज सुनकर दोनों के परिजन और आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। इदरीश वहीं खड़ा था। लोग इदरीश को कोसने लगे। तैस में आकर इदरीश ने तमंचा अपनी कनपटी पर रखा और खुद गोली मार दी। गोली उसकी कनपटी के आर-पार हो गई। इदरीश के गिरते ही जमीन पर खून फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इदरीश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और अखिलेश को अस्पताल पहुंचाया। गांव वालों का आरोप- पुलिस की लापरवाही की वजह से वारदात गोलीकांड में 7 साल जेल काट चुका था इदरीश ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 15 साल पहले भी इदरीश का नाम एक गोलीकांड में सामने आया था। उस समय उस पर दो लोगों को गोली मारने का आरोप था। मामले में उसके खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। उसे सात साल की सजा हुई थी। इदरीश करीब एक साल पहले सजा पूरी कर जेल से बाहर आया था। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया- दोनों पक्षों के बीच युवती को साथ ले जाने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच की जा रही है। ———————- ये खबर भी पढ़ें… छात्रा के हत्यारों को उम्रकैद, जिंदा जला दिया था:सुल्तानपुर में जेल जा रहे पति से लिपटकर रोई पत्नी; मां ने बेटे को दिए 500 रुपए सुल्तानपुर में चर्चित छात्रा श्रद्धा सिंह के 2 हत्यारों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। साथ ही दोनों पर 50-50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। फैसले के दौरान दोनों सिर झुकाए खड़े रहे। गुरुवार शाम 4:20 बजे फास्ट ट्रैक कोर्ट (FTC) सेकेंड ने यह फैसला सुनाया। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *