वृद्धाश्रम में सेवा और सम्मान के साथ मनाया गया संरक्षक सत्येंद्र प्रताप सिंह का जन्मदिन

वृद्धाश्रम में सेवा और सम्मान के साथ मनाया गया संरक्षक सत्येंद्र प्रताप सिंह का जन्मदिन

लखनऊ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, उतरेटिया इकाई की ओर से रविवार को संगठन के संरक्षक सत्येंद्र प्रताप सिंह का जन्मदिवस सरोजनी नगर स्थित वृद्धाश्रम में सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच मिठाई, फल, बिस्कुट, नमकीन वितरित किए तथा उन्हें वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने वृद्धाश्रम के संस्थापक डॉ. सुशील चंद्र त्रिवेदी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया। इस दौरान वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों ने व्यापार मंडल की इस पहल की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों को दिल से आशीर्वाद दिया।

 

व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित सक्सेना ने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों को समाज सेवा से जोड़ना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि उनकी पूरी टीम भविष्य में भी वृद्धजनों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रहेगी। जब भी वृद्धाश्रम अथवा यहां रहने वाले बुजुर्गों को किसी प्रकार की आवश्यकता होगी, व्यापार मंडल हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।

उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। व्यापार मंडल आगे भी समय-समय पर ऐसे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

 

कार्यक्रम में महिला अध्यक्ष बीनू मिश्रा, संरक्षक सत्येंद्र प्रताप सिंह, संरक्षक एवं मीडिया प्रभारी विजय श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी आर.के. मिश्रा, वरिष्ठ महामंत्री श्याम साहू, महामंत्री चंदन गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजपाल सिंह, उपाध्यक्ष चंद्रेश यादव, संगठन महामंत्री दिगंबर वडवाल, संदीप पांडेय, एकलव्य अग्रहरि, संतोष यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का समापन सभी वृद्धजनों के बेहतर स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना के साथ किया गया। व्यापार मंडल की इस सेवा भावना से बुजुर्ग भावुक हो उठे और उन्होंने संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी सदस्यों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *