वामा सारथी की करियर कार्यशाला में छात्रों को मिली भविष्य संवारने की राह

वामा सारथी की करियर कार्यशाला में छात्रों को मिली भविष्य संवारने की राह

उन्नाव। उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) की जनपदीय शाखा की ओर से पुलिस लाइन सभागार में करियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह एवं वामा सारथी की जनपदीय अध्यक्षा नीतू सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं और तैयारी के बारे में विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी।

कार्यशाला में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह ने प्रशासनिक सेवाओं में चयन की प्रक्रिया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। मेडिकल क्षेत्र में डॉ. भाव्या दुबे, डॉ. पारुल सचान और डॉ. नितिन चौधरी ने चिकित्सा एवं पैरामेडिकल क्षेत्र में करियर के अवसरों पर प्रकाश डाला।

राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी शिवम शर्मा ने खेल जगत में करियर बनाने की संभावनाओं से परिचित कराया, जबकि मेकअप आर्टिस्ट मनीषा अरोड़ा ने ब्यूटी एवं कॉस्मेटोलॉजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। नृत्य प्रशिक्षक सोनम बाजपेई ने फिल्म, टीवी और स्टेज के क्षेत्र में सफलता के गुर साझा किए।

पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारी दीपक तिवारी ने बैंकिंग सेक्टर, अहमद मोहनीश रिजवी एवं नमन गुप्ता ने आईटी सेक्टर, शिक्षिका समन आफरीन ने प्रतियोगी परीक्षाओं में गणित की भूमिका, डॉ. मनीष सिंह सेंगर ने मैनेजमेंट कोर्स तथा एडवोकेट भावना शुक्ला ने लॉ क्षेत्र में करियर के अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कराया। कार्यक्रम का संचालन समन्वयक डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने लाइफ साइंस क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर भी विस्तृत जानकारी दी।इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय, उपनिरीक्षक विमलेश शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक मिशन शक्ति संतोष कुमारी सिंह, मुख्य आरक्षी दिनेश तिवारी सहित पुलिस विभाग एवं वामा सारथी सेल के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *