यूपी में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया। मंगलवार सुबह से नोएडा, मेरठ, गोंडा समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर जोरदार बारिश हो रही है। सहारनपुर में तड़के 4 बजे झमाझम बारिश हुई। 2 घंटे की मूसलाधार बारिश से सड़कों पर 2-3 फीट तक जलभराव हो गया। डीएम ऑफिस कैंपस में घुटनों तक पानी भर गया। ऑफिसर्स कॉलोनी में भी पानी घुस गया, जहां जिला जज, कमिश्नर, नगर आयुक्त जैसे बड़े अफसरों के आवास हैं। शहर की ज्यादातर कॉलोनियां तालाब बन गईं। नोएडा में सड़कों पर कमर तक पानी भर गया। महिलाएं स्कूली बच्चों को कंधे पर बैठाकर चलती नजर आईं। बाइकें आधी डूब गईं। मेरठ में विकास प्राधिकरण के दफ्तर के परिसर में पानी घुस गया। कैंप कार्यालय के बाहर पानी भरने से महापौर अंदर ही फंस गए। रायबरेली में बारिश से खेत में 2 फीट का गड्ढा हो गया। गांव वालों ने देखा तो सुरंग मिली। मौके पर पहुंचकर ASI ने जांच शुरू कर दी है। मौसम विभाग (IMD) ने आज यूपी के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 7 जिलों में बहुत भारी और 53 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। उधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश से गंगा, यमुना, घाघरा, सरयू नदियां उफान पर हैं। लखीमपुर खीरी में कटान से 120 बीघा गन्ने की फसल शारदा नदी में समा चुकी है। बलिया में सरयू का पानी गांवों में घुस गया है। बारिश की तस्वीरें- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसूनी रेखा एक बार फिर से यूपी की तरफ बढ़ रही है। साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी और मजबूत हो रहा है। इस वजह से यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बढ़िया बारिश के आसार बन रहे हैं। 30 जुलाई तक यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम तो कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है। प्रदेश में आज कहां-कहां बारिश के आसार, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
नोएडा में जोरदार बारिश, कमर तक पानी भरा:मेरठ-सहारनपुर में कॉलोनियां तालाब बनीं, दफ्तरों में पानी घुसा; यूपी के 15 शहरों में बरसात
