साइबर टीम की कार्रवाई से पीड़ित को मिली ₹43,776.50 की राहत
उन्नाव। गंगाघाट थाना पुलिस की साइबर टीम ने ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड फ्रॉड के शिकार हुए एक व्यक्ति को बड़ी राहत दिलाते हुए ₹43,776.50 की पूरी धनराशि उसके खाते में वापस कराई है।
जानकारी के अनुसार, कंचन नगर शुक्लागंज निवासी मनीष सक्सेना ने 30 जून 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि क्रेडिट कार्ड के माध्यम से उनके साथ ₹43,776.50 की ऑनलाइन ठगी हो गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगाघाट थाना की साइबर टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक एवं एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया। इसके परिणामस्वरूप बुधवार को पीड़ित के खाते में ठगी गई पूरी धनराशि वापस करा दी गई।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह, अपराध निरीक्षक माबूद रजा एवं महिला आरक्षी समरीन बानो की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।
