किंगसन इंटर कॉलेज में साइबर सुरक्षा कार्यशाला, छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
ब्यूरो चीफ उमेश द्विवेदी
उन्नाव। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के निर्देशन में बुधवार को सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित किंगसन इंटर कॉलेज में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह, थाना साइबर पुलिस टीम तथा कोतवाली सदर साइबर हेल्पडेस्क की टीम ने छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यशाला में लघु फिल्मों के माध्यम से साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। आरक्षी शमसुद्दीन ने “साइबर अरेस्ट” जैसे नए साइबर अपराधों के बारे में जानकारी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। वहीं साइबर एक्सपर्ट सोनिया शर्मा ने संदिग्ध एपीके फाइल, अनजान लिंक और फर्जी ऐप से सतर्क रहने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष श्रीवास्तव, प्रभारी परिवार परामर्श समिति ने किया। उन्होंने साइबर अपराधों से जुड़े विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कॉलेज के प्रबंधक अहमद मोनिश रिजवी एवं प्रधानाचार्या शाहिद फातिमा ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह ने कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण भी किया।


