“PRARAMBH 2026” अभियान के अंतर्गत रायबरेली में टीडीएस/टीसीएस एवं आयकर अधिनियम, 2025 पर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित
रायबरेली मा० आयकर आयुक्त (टीडीएस), लखनऊ पुनीत कुमार एवं अपर आयकर आयुक्त (टीडीएस), लखनऊ डॉ. प्रीति सिंह के निर्देशन में आयकर अधिकारी (टीडीएस), सुलतानपुर संतोष कुमार पाण्डेय द्वारा “PRARAMBH 2026” अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार, रायबरेली में टीडीएस/टीसीएस प्रावधानों एवं आयकर अधिनियम, 2025 पर एक जागरूकता संगोष्ठी (Outreach Programme) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारियों (DDOs), कार्यालयाध्यक्षों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को आयकर अधिनियम, 1961 से आयकर अधिनियम, 2025 में किए गए प्रमुख परिवर्तनों, टीडीएस/टीसीएस प्रावधानों तथा अनुपालन संबंधी दायित्वों की जानकारी प्रदान करना एवं उन्हें समयबद्ध अनुपालन के प्रति जागरूक करना था।
संगोष्ठी में टीडीएस/टीसीएस प्रावधानों के पुनर्गठन, आयकर अधिनियम, 2025 के प्रमुख परिवर्तनों, टीडीएस की कटौती, कर की समयबद्ध जमा प्रक्रिया, टीडीएस विवरणियों के समय पर दाखिल करने, नए प्रपत्रों (Forms) एवं अनुपालन (Compliance) कैलेंडर, BIN संबंधी त्रुटियों को कम करने के उपाय, सरकारी डीडीओ एवं कोषागार अधिकारियों की अनुपालन संबंधी जिम्मेदारियों तथा टैन (TAN) पर लंबित मांगों के निस्तारण, टीडीएस अनुपालन एवं उल्लंघन की स्थिति में ब्याज, दंड एवं अभियोजन संबंधी वैधानिक प्रावधानों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
संगोष्ठी में विभिन्न सरकारी विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारियों (DDOs), कार्यालयाध्यक्षों एवं कर्मचारियों सहित लगभग 85 से 100 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को टीडीएस/टीसीएस से संबंधित व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्रदान की गई तथा विशेषज्ञों द्वारा उनकी जिज्ञासाओं एवं व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक (अभियोजन) के.के. शुक्ला, वरिष्ठ कोषाधिकारी शालिनी सिंह, रायबरेली परिक्षेत्र के आयकर अधिकारी डॉ. पूनम यादव, राजेश त्रिपाठी एवं कविता गुप्ता, आयकर निरीक्षक अमरजीत वर्मा, कार्यालय अधीक्षक विकास वर्मा, कर सहायक सौरभ सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
